चुनार, मीरजापुर। कार्तिक मास पूर्णिमा पर मंगलवार को श्रद्धालुओं ने माँ गंगा के जल में स्नान कर पुण्य लाभ किया। शाम को नगर व आसपास के हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर मिट्टी से बने दीप जलाए। बालू घाट गुह्यराज निषाद घाट पर नगरपालिका के अधिकारियों व कर्मचारियों ने अध्यक्ष मंसूर अहमद की अध्यक्षता में 1100 दीप जलाए।
साहित्य संत धाम घाट पर रंग-बिरंगी आकर्षक सजावट के साथ हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल व अन्य अतिथियो ने 51,000 दीपों से तट पर दीपदान किया। दीप मालाओं से सजे घाट का प्रतिबिंब गंगा के जल में सतरंगी छटा बिखेर रहा था और आसमान में रंग-बिरंगी आतिशबाजी की अनुपम छटा देखने के लिए हजारों की संख्या में नगरवासियों की भीड़ उमड़ पड़ी
चुनार क्लब द्वारा गंगा आरती के दौरान समूचा घाट भक्तिमय हो गया। हर-हर गंगे के उद्घोष से पूरा घाट गुंजायमान हो उठा। इस दौरान पूर्व आईएएस ने कहाकि जैसे एक दीपक जलने से अंधेरा समाप्त हो जाता है, वैसे ही अच्छे लोगों की शक्ति संगठित हो तो बुराई भी समाप्त हो जाएगी। मेले के स्वरूप में उमड़े जनसैलाब के बीच पालिका परिषद द्वारा दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से लेकर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर तक घाटों की साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर नगरवासियों ने पालिकाध्यक्ष व सफाई निरीक्षक की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
शान्ति व सुरक्षा के मद्देनजर पूरे नगर मे पुलिस प्रशासन की ब्यवस्था चाक चौबन्द रही। इस दौरान अधिशासी अधिकारी विजय कुमार यादव, सफाई निरीक्षक लालमणि यादव, प्रधान लिपिक शैलेश यादव, लिपिक संतोष, संजय, गौरव पाण्डेय, संदीप, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय चुनार शाखा की बीके तारा, सुनीता, जगदीश सिंह, डॉ. शैलेन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे।
इक्कीस हजार दीपों से जगमग हुआ बहरामगंज घाट
*चुनार।* कार्तिक मास की पूर्णिमा के दिन श्रद्धालुओं ने माँ गंगा के जल में स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। वहीं मंगलवार की शाम मुहल्ले व आसपास के श्रद्धालुओं ने माता जान्हवी के तट पर मिट्टी से बने 21,000 दीप जलाए।एलईडी व रंग-बिरंगी झालरों से सजा बहरामगंज घाट दीपमालाओं पवित्र जल मे पड रहे प्रतिबिंब जल में अनुपम छटा बिखेर रहा था। पूर्व से चली आ रही परंपरा के अनुसार मुहल्ले वासियो द्वारा अखंड कीर्तन का आयोजन किया गया, जो बुधवार प्रातः समाप्त हुआ। तत्पश्चात हवन-पूजन किया गया और लोगों में प्रसाद वितरण किया गया।
इस दौरान प्रमुख रूप से राजकुमार उर्फ राजू गुप्ता, सूर्यकुमार गुप्ता, राधेश्याम गुप्ता, बिहारी बाबा, दूधनाथ, भुल्लन साहनी, पन्नर साहनी सेवाभाव से जुटे रहे।





