0 शिक्षा व शोध में उत्कृष्टता का संकल्प
मीरजापुर।
माँ विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय मीरजापुर की स्थापना के उपरान्त रविवार, 17 अगस्त 2025 को विश्वविद्यालय की प्रथम अंतरिम विद्यापरिषद (Academic Council) की बैठक जिला पंचायत सभागार मिर्जापुर में कुलपति प्रो. शोभा गौड़ की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। कुलसचिव राम नारायण द्वारा समिति के समक्ष एजेंडा (कार्यसूची) के 16 बिंदुओं को रखा गया। बैठक में सभी सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विश्वविद्यालय को शिक्षा, शोध एवं संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट बनाने हेतु अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए तथा परिषद में प्रस्तुत प्रस्ताव एवं परास्नातक सत्र 2025-26 विश्वविद्यालय परिसर में शिक्षाशास्त्र, समाज कार्य, गृह-विज्ञान, एल०एल०एम ०, एम.काम, पी०जी० डिप्लोमा इन योगा एंड नैचुरोपैथी सहित अन्य के लिए सर्वसम्मति से संस्तुति दी।
बैठक के समापन अवसर पर कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने कहा कि “माँ विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय मीरजापुर शिक्षा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा और पूरे प्रदेश एवं राष्ट्र को गौरवान्वित करेगा। पहली बैठक से ही यह विश्वविद्यालय अपनी सुनहरी यात्रा की ओर अग्रसर है।”



