News

बजाज स्कूल में मनाया गया भव्य वार्षिकोत्सव: छात्रों की प्रस्तुतियों ने जीता सभी का मन

मीरजापुर। सेठ द्वारका प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर का वार्षिकोत्सव अत्यन्त धूमधाम उत्साह और सांस्कृतिक विविधता के साथ मनाया गया। पूरा विद्यालय प्रांगण बड़े ही आकर्षक ढंग से सजाया गया था। दूर-दूर से आए अभिभावक, अतिथि और पूर्व छात्र समारोह में शामिल हुए। चारो ओर उल्लास का वातावरण देखने योग्य था।

कार्यक्रम के आरम्भ में प्रधानाचार्या डॉ० शिवानी कौशिक द्वारा विद्यालय के चेयरमैन प्रदीप कुमार बजाज व उनकी धर्मपत्नी सरिता बजाज, शैलेन्द्र कटारे चेयरमैन वाइब्रेंट सोसायटी, कमाडिंग अफसर 101 यू०पी० बटालियन एन०सी०सी० कर्नल राकेश उपाध्याय जिनकी आपरेशन सिंदूर में अग्रणी भूमिका रही तथा एडम अफसर ले० कर्नल मौलिक चन्दर व मुम्बई से आये विशिष्ट अतिथि मनोज केडिया जी को पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। इसके बाद पिछले व वर्तमान शैक्षणिक सत्र के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले छात्रों को पुरस्कृत भी किया गया, जिनमें पिछले सत्र में 10वीं व 12वीं के तीन-तीन टॉपर, नेशनल तक खेलने व जीतकर आने वाले 4 छात्रों तथा विद्यालय के क्रीड़ा अध्यापकों को सम्मानित किया गया।

तत्पश्चात् प्रधानाचार्या ने आये हुए सभी अतिथियों, अभिभावकों का स्वागत करते हुए विद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विद्यालय ने शैक्षणिक परिणामों में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया है तथा विज्ञान, खेलकूद, कला और साहित्य के अनेक कार्यक्रमों में छात्रों ने राष्ट्रीय से लेकर जिला स्तर पर पुरस्कार प्राप्त किए हैं। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग के लिए धन्यवाद भी व्यक्त किया।

इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू हुई, जिसमें छात्रों ने विविध प्रस्तुतियों देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्वागत गीत, स्त्री सामर्थ्य, महिषासुर मर्दिनी, दो साहस और आत्मविश्वास का जीवंत संदेश देता फ्लेम्स विपरीत तत्यों अग्नि और जल के सह अस्तित्व की कहानी बताती एण्ड वैन्स, सोशल मीडिया और तकनीक के कारण टूटते रिश्तों तथा फिर से मानवता और अपनापन जोड़ने का संदेश देता – डिस्कनेक्ट टू रीकनेक्ट, पर्यावरण संरक्षण जागरूकता पर आधारित द रूट्स ऑफ लाइफ, देश के जवानों व अन्नदाताओं को नमन करते हुए जय जवान, जय किसान तथा भारत के गुरु-शिष्य परम्परा पर आधारित द लेगेसी ऑफ लर्निंग जैसे अनेक भावनृत्य तथा पाश्चात्य वाद्य यंत्र जैसे ड्रम, कांगो, वांगो, डिजिम्बा के साथ भारतीय वाद्ययंत्रों का कास्टिंग कर आरकेस्ट्रा की प्रस्तुति की गयी जिसे प्रत्येक अतिथि, अभिभावक बिना सराहे नहीं रह सके।

इस अवसर पर विद्यालय के सचिव परितोष बजाज ने अपने उद्बोधन में अभिभावकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि आपके सहयोग व विश्वास के बिना हमारा प्रयास अधूरा है। आप सभी ने विद्यालय को एक शिक्षण संस्थान ही नहीं, बल्कि एक परिवार के रूप में स्वीकार किया है। हम आपके बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। हमारा विद्यालय शिक्षा को केवल अंको – तक ही सीमित नहीं रखता बल्कि हमारा प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी एक अच्छा इंसान बने, नैतिक मूल्यों को अपनाए और समाज के लिए उपयोगी बने। कार्यक्रम का संचालन 12वीं की छात्राओं अहिस्मा गुप्ता तथा बिसमन कौर सरना द्वारा किया गया।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!