मीरजापुर।
नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने आगामी श्रीरामनवमी पर्व पर नगर में निकलने वाली प्रभु श्रीराम की झांकी एवं विभिन्न मार्गों से होकर गुजरने वाली शोभा यात्रा को लेकर तैयारियों दुरुस्त करने के लिए ईओ जी लाल को निर्देशित किया है। उन्होंने यात्रा को सकुशल एवं भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए नगर पालिका प्रशासन को नगर क्षेत्र में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था,पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर दुरुस्त रखने को कहा है। शहर के सभी प्रमुख मंदिरों, जुलूस मार्गों, मुख्य सड़कों, चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सफाई रखने के लिए निर्देशित किया है। इसके साथ ही नालियों की सफाई, कूड़ा उठान, चूना छिड़काव कराने के लिए भी दिशा निर्देश दिया है, जिससे पर्व के दौरान कहीं भी गंदगी की समस्या न रहे।
इसके साथ ही जुलूस मार्गों पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था के लिए टैंकर भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
जुलूस मार्गो को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है।
नपाध्यक्ष ने कहा है कि श्रीरामनवमी के दिन निकलने वाले जुलूस और झांकी को देखते हुए साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए ईओ सहित तमाम विभागाध्यक्षो एवं अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि पर्व से पहले सभी तैयारियां हर हाल में पूर्ण कर ली जाएं।


