मीरजापुर।
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय देवरी कला मड़िहान परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने पौधारोपण कर किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन के आधार नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक हरिश्चंद्र कुलसचिव, वित्त अधिकार गिरीश कुमार, मानविकी संकायाध्यक्ष प्रोफेसर गौरीशंकर द्विवेदी, विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रोफ़ेसर देवेन्द्र पांडेय सहित विश्वविद्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों जैसे आम,आंवला नीम, बरगद,पीपल आदि के पौधे रोपित कर हरित एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में पौधों के नियमित संरक्षण एवं देखभाल का संकल्प लिया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।





