मिर्जापुर। रोटरी क्लब विंध्याचल का 29वाँ पदग्रहण (इंस्टॉलेशन) समारोह होटल मिलन पैलेस, लालडिग्गी में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आगामी मंडलाध्यक्ष रोटेरियन दिनेश गर्ग एवं उनकी धर्मपत्नी रीना गर्ग रहे। दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ।
समारोह में रोटेरियन प्रतीक अग्रवाल ने क्लब के 29वें अध्यक्ष तथा रोटेरियन गौरव खेमका ने सचिव पद की शपथ ग्रहण की। साथ ही नवगठित बोर्ड ने भी अपने दायित्वों की शपथ ली। कार्यक्रम में क्लब के सदस्य परिवार सहित उपस्थित रहे।
इस अवसर पर क्लब ने नंदकिशोर प्राइमरी विद्यालय, गणेशगंज को गोद लेने की घोषणा करते हुए एमओयू पर हस्ताक्षर किए। क्लब की *मासिक पत्रिका “विंध्यवाणी”* का विमोचन किया गया। साथ ही पीएचएफ (Paul Harris Fellow) बनने पर उदय गुप्ता एवं प्रतीक अग्रवाल का सम्मान किया गया तथा क्लब में 7 नए सदस्यों का स्वागत किया गया। क्लब ने 100 फ़ीसदी रोटरी फाउंडेशन कॉन्ट्रीब्यूटरी क्लब बनने की घोषणा की।
अपने संबोधन में अध्यक्ष प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि वे अपने दायित्व का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा ऐसा कार्य करेंगे, जिस पर पूरे क्लब को गर्व हो। मुख्य अतिथि रोटेरियन दिनेश गर्ग ने सेवा कार्यों की सराहना करते हुए नई टीम को शुभकामनाएँ दीं और समाजहित में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन रोटेरियन गौरव खेमका ने दिया तथा संचालन नीलू सिंह ने किया। इस अवसर पर मयंक गुप्ता, दीपक कुशवाहा, श्रीगोपाल सोनी, अमित सिंह, अमन दुबे, त्रिवेणी चौरसिया, विवेक बरनवाल, संतोष गोयल सहित अनेक रोटेरियन एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।





