News

यूपी के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं रोजगारपरक तकनीकी शिक्षा प्रदान कर कौशलयुक्त, आत्मनिर्भर और भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाना हमारी प्राथमिकता: कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल

 लखनऊ।

मंगलवार, 14 जुलाई को उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री इंजीनियर आशीष पटेल द्वारा सचिवालय के नवीन भवन के प्रथम तल स्थित तिलक हॉल में प्राविधिक शिक्षा विभाग के डिग्री एवं डिप्लोमा सेक्टर के निर्माण कार्यों की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति तथा विभिन्न विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में निर्माणाधीन परियोजनाओं को गुणवत्ता के उच्च मानकों के अनुरूप निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने, आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावासों, ऑडिटोरियम एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास में तेजी लाने के निर्देश दिए।

तकनीकी संस्थानों की पहचान उनके विद्यार्थियों के बेहतर प्लेसमेंट से होती है। इसी दृष्टि से संस्थानों को उद्योगों के साथ समन्वय बढ़ाने, प्लेसमेंट रिकॉर्ड में उल्लेखनीय सुधार लाने तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग, मेकाट्रॉनिक्स सहित उभरती तकनीकों के अनुरूप शिक्षकों के नियमित प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया।

विभागीय भर्ती प्रक्रियाओं को पूर्ण पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न करने, उपलब्ध बजट का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित करने तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संस्थानों की दीर्घकालिक विकास कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में कैबिनेट मंत्री श्री पटेल ने कहा कि  प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं रोजगारपरक तकनीकी शिक्षा प्रदान कर उन्हें कौशलयुक्त, आत्मनिर्भर और भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाना हमारी प्राथमिकता है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!