विमलेश अग्रहरि, मीरजापुर।
इनर व्हील क्लब ऑफ मिर्ज़ापुर समन्वय के सत्र 2026–27 के इंस्टॉलेशन समारोह में सेवा एवं जनजागरूकता से जुड़े अनेक कार्य संपन्न हुए। समारोह में पाल्क संस्था के बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। बच्चों ने नृत्य एवं नाट्य रूपांतरण के माध्यम से ‘नशा मुक्ति अभियान’ का प्रभावशाली संदेश देकर उपस्थित जनसमूह को जागरूक किया। उनके उत्साहवर्धन हेतु क्लब की ओर से पुरस्कार स्वरूप बैडमिंटन किट भेंट की गई, जिससे वे खेलों के प्रति प्रेरित होकर शारीरिक रूप से स्वस्थ रह सकें।
इस अवसर पर पाँच महिलाओं को पेंशन सुविधा से जोड़ा गया तथा एक जरूरतमंद महिला को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ई-रिक्शा भेंट किया गया। साथ ही ‘प्लास्टिक मुक्त भारत’ अभियान के अंतर्गत लोगों को कपड़े के थैले वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। क्लब की गतिविधियों को निरंतर जन-जन तक पहुँचाने में उनके सहयोग के लिए विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम अध्यक्ष अंजू साध के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सचिव रजनी गुप्ता, कोषाध्यक्ष रुबी वालिया, आईएसओ संजना अग्रवाल, संपादक खुशबू गुप्ता सहित क्लब की अन्य सदस्याएँ उपस्थित रहीं।

पिछले वर्ष की टीम को उत्कृष्ट कार्यो के लिए किया गया सम्मानित
मीरजापुर।
इनर व्हील क्लब मिर्जापुर समन्वय की पिछले वर्ष की टीम की अध्यक्षा सुप्रीत कौर, सचिव अमृता गुप्ता, कोषाध्यक्ष सारिका अग्रवाल, संपादक राखी अग्रवाल एवं आई.एस.ओ. संजना अग्रवाल को वर्ष भर क्लब एवं समाजहित में किए गए उनके उत्कृष्ट कार्यों, समर्पित सेवा, कुशल नेतृत्व तथा उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में उनके द्वारा विभिन्न सामाजिक एवं सेवा परियोजनाओं के सफल संचालन की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया गया। उपस्थित सदस्यों ने उनके कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार समाजसेवा के कार्य निरंतर जारी रखने की कामना की।





