News

महिला कैंसर चिकित्सा एवं ज्ञानवर्धन की दिशा में एपेक्स ट्रस्ट संस्थानों में विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन

चुनार, मिर्जापुर। महिला कैंसर चिकित्सा के क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा एवं ज्ञानवर्धन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एपेक्स वेलकेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित एपेक्स ट्रस्ट हॉस्पिटल एंड डायग्नोस्टिक, एपेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड हॉस्पिटल, एपेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी तथा एपेक्स ट्रस्ट नर्सिंग एंड एलाइड हेल्थ पैरामेडिकल संस्थान, चुनार में एपेक्स के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस. के. सिंह के संरक्षण में “स्त्री रोग कैंसर : नवीनतम जानकारी एवं आधुनिक उपचार” विषय पर एक विशेष विशेषज्ञ व्याख्यान एवं शैक्षणिक सत्र का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. सुविद्या सिंह, स्त्री रोग एवं स्त्री कैंसर विशेषज्ञ (एमबीबीएस, एमएस, एमसीएच – एम्स, नई दिल्ली) रहीं। उन्होंने महिलाओं में होने वाले विभिन्न प्रकार के स्त्री रोग कैंसर, उनके प्रारंभिक लक्षणों, जोखिम कारकों, समय पर जांच, बचाव तथा आधुनिक उपचार पद्धतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कैंसर की समय रहते पहचान होने पर उपचार की सफलता की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।

इस अवसर पर एपेक्स की निदेशिका एवं कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकिता पटेल ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर, ओवेरियन कैंसर तथा गर्भाशय के कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का समय पर निदान होने पर उनका प्रभावी एवं सफल उपचार संभव है। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच, जागरूकता एवं स्क्रीनिंग के महत्व पर विशेष बल देते हुए महिलाओं से स्वास्थ्य संबंधी किसी भी असामान्य लक्षण को कभी भी नजरअंदाज न करने की अपील की।

सत्र के दौरान छात्र-छात्राओं एवं प्रतिभागियों ने स्त्री रोग कैंसर से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. सुविद्या सिंह ने सरल, वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक ढंग से उत्तर दिया। इस संवादात्मक सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों को गाइनेकोलॉजिकल ऑन्कोलॉजी के नवीनतम उपचार, क्लिनिकल दृष्टिकोण, स्क्रीनिंग प्रोटोकॉल तथा रोगी प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुईं।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला कैंसर चिकित्सा के क्षेत्र में चिकित्सा विद्यार्थियों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के ज्ञान का विस्तार करना, उन्हें आधुनिक उपचार पद्धतियों एवं नवीनतम वैज्ञानिक जानकारियों से अवगत कराना तथा महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना था।

 

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!