दाढ़ीराम में पुलिस चौकी निर्माण के लिए किया भूमि पूजन
0 ग्रामीणों को मिलेगी त्वरित पुलिस सहायता
पड़री (मीरजापुर)। विकास खण्ड पहाड़ी व थाना मड़िहान क्षेत्र के दाढ़ीराम गांव में नई पुलिस चौकी निर्माण का शुभारंभ सोमवार को भूमि पूजन के साथ किया गया। ग्राम समाज की 1 बीघा 17 बिस्वा भूमि पर बनने वाली चौकी का भूमि पूजन मझवा विधायक सूचीस्मिता मौर्य एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया। इसके बाद दोनों ने फावड़ा चलाकर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई।
विधायक सूचीस्मिता मौर्य ने कहाकि पुलिस चौकी बनने से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी। ग्रामीणों को पुलिस सहायता के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि नई चौकी स्थापित होने से दाढ़ीराम समेत आसपास के गांवों में पुलिस की पहुंच और सक्रियता बढ़ेगी। इससे सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी और आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं मिल सकेंगी।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) राजकुमार मीणा, क्षेत्राधिकारी मड़िहान फईम खान, थानाध्यक्ष मड़िहान रविन्द्र भूषण मौर्य, थानाध्यक्ष पड़री प्रदीप कुमार सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक मौर्य, ग्राम प्रधान राजेश प्रजापति सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। भूमि पूजन के बाद ग्रामीणों ने पुलिस चौकी निर्माण को क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।


