News

रोटरी क्लब विंध्याचल ने नए क्लब ऑफिस का किया भव्य उद्घाटन
0 तीन जरूरतमंद परिवारों को आत्मनिर्भरता हेतु प्रदान किए हाथ ठेले
मीरजापुर। रोटरी क्लब विंध्याचल द्वारा आज इमरती चौराहे पर नए क्लब ऑफिस (मीटिंग पॉइंट) का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर सेवा के अपने संकल्प को आगे बढ़ाते हुए क्लब ने तीन अत्यंत जरूरतमंद लोगों को हाथ के ठेले भी प्रदान किए, ताकि वे फल, सब्जी अथवा अन्य सामग्री का विक्रय कर सम्मानपूर्वक अपना एवं अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। यह पहल क्लब की आत्मनिर्भरता एवं आजीविका संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंडलाध्यक्ष परितोष बजाज रहे। उनके डिस्ट्रिक्ट के अनेक वरिष्ठ रोटेरियन, विशिष्ट अतिथि एवं सदस्य भी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यालय का शुभारंभ किया तथा जरूरतमंदों को हाथ ठेले वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने क्लब के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि वास्तविक सेवा वही है जो किसी व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करे।

पूरे कार्यालय को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा रोटरी की ब्रांडिंग से सुसज्जित कर उसे एक प्रेरणादायी स्वरूप प्रदान किया गया।

इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष रोटेरियन प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि रोटरी क्लब विंध्याचल का यह नया कार्यालय केवल एक मीटिंग स्थल नहीं, बल्कि सेवा, समन्वय और संवाद का केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि इमरती चौराहे पर कार्यालय स्थापित करने का उद्देश्य क्लब की नियमित बैठकों को व्यवस्थित रूप से आयोजित करना, सेवा परियोजनाओं की बेहतर योजना बनाना तथा आमजन के लिए रोटरी तक पहुँच को और अधिक सरल बनाना है। उन्होंने कहा कि अब क्लब के सदस्यों के साथ-साथ समाज के लोग भी अपनी समस्याओं, सुझावों एवं सेवा संबंधी विचारों के साथ यहाँ आकर आसानी से जुड़ सकेंगे।

कोषाध्यक्ष मयंक गुप्ता ने कहा कि रोटरी क्लब विंध्याचल का उद्देश्य केवल सेवा कार्यक्रम आयोजित करना ही नहीं, बल्कि ऐसे स्थायी प्रयास करना है जिनसे लोगों को रोजगार, सम्मान और आत्मनिर्भरता मिले। इसी सोच के साथ आज तीन जरूरतमंद परिवारों को हाथ ठेले प्रदान किए गए, जिससे वे स्वयं का रोजगार प्रारंभ कर अपने परिवार का जीवन बेहतर बना सकें।

कार्यक्रम में एजी दीपक कुशवाहा, डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी अमित अहूजा, मुकेश अग्रवाल, शशांक टंडन, शुशील झुनझुनवाला, महावीर सेठिया, संतोष गोयल, अमित केशरवानी, अमित सिंह, उदय गुप्ता, संजय सिंह गहरवार, रिसभ श्रीवास्तव आदि सदस्य मौजूद रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!