अहरौरा बांध में नहाते समय वाराणसी के युवक की डूबने से मौत, 12 घंटे बाद मिला शव
0 तीन दोस्तों के साथ घूमने आया था युवक, गहरे पानी में डूबा; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अहरौरा, मीरजापुर। स्थानीय थाना क्षेत्र स्थित अहरौरा जलाशय (बांध) में रविवार शाम नहाते समय वाराणसी के एक युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपने तीन दोस्तों के साथ बांध घूमने आया था। घटना के बाद पुलिस ने देर रात तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सोमवार सुबह करीब 12 घंटे बाद युवक का शव बांध में उतराता मिला, जिसे पुलिस ने बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राहुल साहनी (26) पुत्र विजय कुमार साहनी, निवासी लहरतारा, वाराणसी के रूप में हुई है। रविवार को राहुल अपने तीन दोस्तों के साथ अहरौरा बांध घूमने पहुंचा था। घूमने के दौरान सभी युवक पहाड़ी के किनारे स्थित गड़ई प्रणाली स्लूस गेट के पास स्नान करने लगे। इसी दौरान राहुल गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह पानी में लापता हो गया। घटना की सूचना देर शाम अहरौरा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बांध के जूनियर इंजीनियर ओम प्रकाश राय को अवगत कराकर गड़ई प्रणाली का फाटक बंद कराया गया, ताकि युवक की तलाश में आसानी हो सके। रातभर तलाश के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल सका।
सोमवार की सुबह करीब 12 घंटे बाद उसका शव पानी में उतराता दिखाई दिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी अहरौरा पहुंच गए। जवान बेटे की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।


