विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस पर दीक्षा संस्कार एवं सम्मान समारोह का आयोजश
मीरजापुर।
विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस के अवसर पर डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल लोहिया तालाब ब्रांच के सभागार में विद्यालय की तीनों शाखाओं – नारघाट, लोहिया तालाब एवं संकटमोचन के स्काउट, गाइड, कब एवं बुलबुल का “दीक्षा संस्कार एवं सम्मान समारोह” बड़े उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट ध्वज को साक्षी मानकर देश सेवा एवं कर्तव्यों के पालन के संकल्प के साथ हुआ। नवदीक्षित बच्चों का स्कार्फ एवं तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती अपराजिता सिंह ने सभी स्काउट, गाइड, कब एवं बुलबुल को बधाई देते हुए विश्व बंधुत्व एवं राष्ट्र सेवा की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रादेशिक साहसिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 स्काउट एवं 19वीं राष्ट्रीय डायमंड जुबली जंबूरी में प्रतिभाग करने वाले 18 स्काउट्स को प्रमाण पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। जनपद एवं विद्यालय स्तर के अन्य स्काउट-गाइड कार्यक्रमों में भाग लेने वाले बच्चों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
जनपद के वरिष्ठ स्काउट मास्टर रवि प्रकाश सिंह को राष्ट्रीय स्तर का H.W.B. प्रशिक्षण प्रमाण पत्र एवं स्कार्फ देकर सम्मानित किया गया।
सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त राजेश प्रजापति, जिला प्रशिक्षण आयुक्त कुलदीप शुक्ला एवं जिला गाइड कैप्टन सत्यमवदा सिंह ने बच्चों को राज्य पुरस्कार, राष्ट्रपति पुरस्कार एवं प्रधानमंत्री शील्ड प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया।
वीर सुभाष चन्द्र बोस ग्रुप के संचालक कृष्ण मोहन शुक्ला ने बताया कि विंध्याचल मंडल के CBSE स्कूलों में डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल के स्काउटिंग-गाइडिंग कार्यक्रम सर्वश्रेष्ठ हैं। इस अवसर पर एकेडमिक हेड, प्रधानाचार्या, उपप्रधानाचार्या, कोर्डिनेटर उपस्थित थे। संचालन स्काउट मास्टर संजय कुमार एवं सुरेश कुमार ने किया। प्रधानाचार्य मोहित चौधरी एवं डायरेक्टर अमरदीप सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।





