डीआईजी संग कमिश्नर ने किया कावड़ मार्ग का निरीक्षण
0 श्रावण मास में कावड़ यात्रा को लेकर सड़कों की मरम्मत, सुरक्षा व बैरिकेटिंग लगाए जाने का दिया निर्देश
मीरजापुर। मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश व पुलिस उप महानिरीक्षक पूनम ने श्रावण मास में शुरू होने वाले कावड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत नगर के कावड़ मार्ग का भ्रमण कर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग व एनएचआई सहित नगर पालिका के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
भ्रमण के दौरान भरूहना के जी0डी0 बिनानी कॉलेज के पास सड़क के किनारे खोदे गए गड्ढे को देख मण्डलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि आज ही अपना कार्य पूर्ण करते हुए सड़क पटरी को गड्ढा मुक्त बनाया जाए। यदि कार्य में देरी हो तो उसके किनारे मजबूत बैरिकेटिंग लगाई जाए।
उन्होंने एनएचआई व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद मीरजापुर के बरियाघाट नगर से लेकर घोरावल के शिवद्वार मन्दिर तक जाने वाले मार्गों पर कावंड़ श्रद्धालुओं के सुविधा व सुरक्षा को देखते हुए गड्ढों, बैरिकेटिंग, प्रकाश व चिकित्सा व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराई जाए। जहां भी सड़क अथवा फुटपाथ व उसके किनारे गड्ढा हो तत्काल ढकने व बैरिकेटिंग लगाने का निर्देश दिया।
कावंड़ मार्ग को समतल भी किया जाए। मण्डलायुक्त ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को नगर क्षेत्र में व जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों के कावंड़ मार्गों पर नियमित सफाई, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जाए। विद्युत विभाग मार्गों के खंभों पर जहां आवश्यकता हो वहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराएं। मार्ग में पेयजल, शौचालय व प्राथमिक उपचार की व्यवस्था के साथ ही विश्राम स्थल भी बनाए जाएं।
पुलिस उप महानिरीक्षक पूनम ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कावंड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मानते हुए मार्ग को संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा यदि कहीं आवश्यकता दिखाई पड़े तो वहां सीसीटीवी तथा ड्रोन की मॉनिटरिंग व्यवस्था की जाए।उन्होंने एनएच के अधिकारियों से कहा कि हाईवे पर डिवाइडर व रिफ्लेक्टर लगाया जाए ताकि रात्रि में भी कावंड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग इंजीनियर अशोक कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका गोवा लाल व एनएच व पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे।





