News

कमिश्नर-डीएम ने हेलीपैड व गंगा किनारे निर्माणाधीन घाटों के कार्य प्रगति का किया निरीक्षण

0 निर्माणाधीन अखाड़ा घाट सहित अन्य घाटों का मण्डलायुक्त ने जिलाधिकारी के साथ किया निरीक्षण
0 निर्माणाधीन हेलीपैड का भी मण्डलायुक्त, पुलिस उप महानिरीक्षक व जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
विमलेश अग्रहरि, मीरजापुर।
मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश ने विन्ध्याचल क्षेत्र भ्रमण के दौरान थाना विन्ध्याचल समाधान दिवस के पश्चात विन्ध्याचल गंगा नदी के किनारे निर्माणाधीन अखाड़ा घाट, पक्का घाट सहित अन्य घाटों पर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के साथ भ्रमण कर कार्य प्रगति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विन्ध्याचल धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या व उन्हें सुविधा मुहैया कराने के दृष्टिगत घाटों का निर्माण व सुदृढ़ीकरण कार्य चल रहा है जिसमें सीढ़िया, रेलिंग, लाइटिंग व शौचालय आदि सुविधाएं निर्माण कार्य के तहत उपलब्ध कराई जाएंगी।

मण्डलायुक्त ने कहा कि गंगा घाट, विन्ध्याचल आने वाले दर्शनार्थियों/श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केन्द्र है अतएव निर्माण कार्य में प्रयुक्त होने वाली सामग्रियां गुणवत्तापूर्ण हो ताकि कार्य टिकाऊ हो। उन्होंने कहा कि यह भी ध्यान रखा जाए कि वर्षा के दौरान घाटों पर जल भराव, फिसलन न होने पाएं, पानी निकासी के लिए ड्रेनेज की व्यवस्था हो।

उन्होंने स्वच्छता पर भी विशेष जोर देते हुए सम्बन्धित कार्यदायी संस्था व अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मीरजापुर को निर्देशित किया कि घाटों पर कचरा न फैलने पाए इसके लिए स्थान-स्थान पर डस्टबिन रखवाते हुए सफाई कर्मियों की भी तैनाती सुनिश्चित की जाए। घाटों पर चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश व पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के भी निर्देश दिए गए।

मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश, पुलिस उप महानिरीक्षक पूनम, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने प्रशासनिक अधिकारियों व लोक निर्माण विभाग तथा अन्य कार्यदायी एजेंसियों के साथ विन्ध्याचल के पटेंगरा नाला के पास नव निर्माणाधीन हेलीपैड स्थल का भी भ्रमण कर निरीक्षण किया। मण्डलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग व सम्बन्धित कार्यदायी संस्था के अभियंताओं से निर्माण कार्य प्रगति में तेजी लाने तथा तकनीकी मानकों और समय सीमा के बारे में विस्तृत जानकारी ली।

मण्डलायुक्त ने कहा कि हेलीपैड का निर्माण निर्धारित तय सीमा के तहत पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिगत हेलीपैड के चारों तरफ बाउंड्रीवाल, पहुंच मार्ग आदि के बारे में जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि हेलीपैड पहुंच मार्ग का चौड़ीकरण निर्धारित मानक के अनुसार सुदृढ़ किया जाए ताकि किसी भी स्थिति में आवागमन बाधित न होने पाए।

मण्डलायुक्त ने विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देशित किया कि हेलीपैड के आस पास अब कोई भी आवास व अन्य किसी तरह के निर्माण नहीं कराया जाए तथा जो आवास निर्मित है वह हेलीपैड के मानक के अनुसार ऊपर न बनाया जाए इसका विशेषतौर ख्याल रखा जाए। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, डिप्टी कलेक्टर जूही प्रसाद, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग इंजीनियर अशोक कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गोवा लाल व विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अधिकारी उपस्थित रहें।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!