मेरठ। भारतीय किसान संघ की दो दिवसीय अखिल भारतीय प्रबंध समिति की बैठक का शुभारंभ शनिवार, 8 अगस्त को माधव कुंज मेरठ में हुआ। इस अवसर पर अखिल भारतीय अध्यक्ष के साईं रेड्डी, महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र, अखिल भारतीय उपाध्यक्ष सुशीला विश्नोई, विशाल चंद्राकर, पेरुमल, राम भरोस वासोतिया द्वारा सामूहिक रूप से भारत माता व भगवान बलराम के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित व ध्वजारोहण कर बैठक का शुभारंभ किया गया। प्रबंध समिति बैठक में देश भर से प्रदेश व प्रांतों के अध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष, क्षेत्र संगठन मंत्री व प्रांत संगठन मंत्री उपस्थित हैं।
दत्तोपंत ठेंगड़ी के कथन “गावों का सामर्थ्य इतना खड़ा करना है कि गांव के चौपाल की चर्चा देश की नीति बनाने वालों के पास पहुंचे” की चर्चा करते हुए अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री गजेन्द्र सिंह ने प्रबंधसमिति बैठक के चतुर्थ सत्र में कहा कि गांवों में सामर्थ्य खड़ा करने का संकल्प लेकर भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ता गांव गांव जाकर सदस्यता अभियान को करेंगे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख व किसान संघ के संपर्क अधिकारी रामलाल व भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी की विशेष उपस्थिति उल्लेखनीय रही। यह जानकारी काशी प्रांत के संगठन मंत्री रामचेला जी ने दी है।





