News

जनता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म: कैबिनेट मंत्री आशीष ने ‘जनसंवाद’ में सुनीं 300 से अधिक समस्याएं; मौके पर निस्तारण के दिए निर्देश

मीरजापुर। अपना दल (एस) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्राविधिक शिक्षा, उपभोक्ता संरक्षण विभाग के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने रविवार को सरदार पटेल चौराहा स्थित सांसद जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित ‘जनसंवाद’ कार्यक्रम में जनपद वासियों की समस्याएं सुनीं।

सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों, तहसीलों और गांवों से आए सैकड़ों नागरिकों, एनडीए घटक दलों के पदाधिकारियों एवं शुभचिंतकों ने अपनी समस्याएं मंत्री जी के समक्ष रखीं।

मंत्री ने हर एक फरियादी की बात धैर्यपूर्वक सुनी और बिजली, पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क से जुड़े मामलों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से तत्काल दूरभाष पर वार्ता कर मौके पर ही निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।

इस अवसर पर मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि “जनता की सेवा ही मेरे लिए सबसे बड़ा धर्म है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह हमारी प्राथमिकता है। आमजन की छोटी-छोटी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कराना मेरी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता है। आप सभी का जो स्नेह और विश्वास मिला है, वही मुझे दिन-रात जनसेवा के लिए प्रेरणा देता है।”*

जनसंवाद में बिजली की अघोषित कटौती, ट्रांसफार्मर बदलना, ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं, पेंशन एवं आयुष्मान कार्ड बनवाना तथा जिला अस्पताल में डॉक्टरों की उपलब्धता जैसे विषय प्रमुखता से उठे।

मंत्री ने सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर 7 दिन के अंदर निस्तारित कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष सहित भाजपा एवं अपना दल (एस) के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जिले के प्रबुद्धजन* उपस्थित रहे। यह जानकारी जिला मीडिया प्रभारी शंकर सिंह चौहान ने दी।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!