News

चुनार से सीमेंट ढुलाई के लिए एनसीआर का डालमिया सीमेंट के साथ हुआ अनुबंध

मीरजापुर।
सोमवार, 10 अगस्त को प्रयागराज मंडल उत्तर मध्य रेलवे ने माल ढुलाई को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुये चुनार स्थित डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड के साथ रेलवे द्वारा सीमेंट ढुलाई के लिए अनुबंध पर हस्ताक्षर किए।

अनुबंध पर डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड की ओर से श्री पी. सुडलाई मुथु, नेशनल लॉजिस्टिक्स ऑपरेशंस हेड तथा उत्तर मध्य रेलवे की ओर से श्रीमती शीरत फातिमा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट ने अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य), दीपक कुमार की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए।

उल्लेखनीय है कि डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड ने हाल ही में पूर्ववर्ती जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड के चुनार स्थित सीमेंट संयंत्र का अधिग्रहण किया है तथा जून 2026 से यहां सीमेंट उत्पादन प्रारंभ किया गया है। संयंत्र के पुनः संचालन के साथ ही रेल मार्ग से सीमेंट एवं कच्चे माल के परिवहन को बढ़ावा देने के लिए रेलवे के साथ यह महत्वपूर्ण अनुबंध किया गया है।

अनुबंध के तहत अगस्त 2026 में लगभग 6-7 पूर्ण रेक (15,000 टन) सीमेंट का गाजीपुर, अयोध्या, गोरखपुर, देवरिया, चिलबिला सहित अन्य स्थानों के लिए रेल द्वारा परिवहन प्रस्तावित है । इसके अतिरिक्त, सितंबर 2026 से लगभग 10 पूर्ण रेक (26,000 टन) सीमेंट प्रतिमाह लोड करने की योजना है।

इसके साथ ही, सीमेंट उत्पादन के लिए कच्चे माल की आवश्यकता को पूरा करने हेतु लगभग 15 रेक क्लिंकर प्रतिमाह तथा लगभग 1-2 रेक जिप्सम प्रतिमाह मंगाए जाने की योजना है। उत्पादन क्षमता में वृद्धि के साथ इन आवक रेकों की संख्या में भी वृद्धि होने की संभावना है।

डालमिया सीमेंट द्वारा चुनार से बड़े पैमाने पर रेल परिवहन शुरू किए जाने से प्रयागराज मंडल की माल ढुलाई आय में उल्लेखनीय वृद्धि, उ‌द्योग को बेहतर एवं विश्वसनीय लॉजिस्टिक सुविधा तथा रेल यातायात में वृद्धि होने की उम्मीद है। साथ ही, यह पहल नए औ‌द्योगिक ग्राहकों को रेल परिवहन से जोड़ने और मंडल में फ्रेट व्यवसाय के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल नए औ‌द्योगिक ग्राहकों को रेल परिवहन से जोड़ने, माल दुलाई के नए अवसर विकसित करने तथा सुरक्षित, विश्वसनीय, किफायती एवं पर्यावरण-अनुकूल रेल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!