व्यवस्थाओं का लिया जायजा, संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
मीरजापुर। जनपद न्यायाधीश अनुपम कुमार, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने संयुक्त रूप से राजकीय संप्रेक्षण गृह किशोर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संप्रेक्षण गृह में किशोरों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
अधिकारियों ने संप्रेक्षण गृह के विभिन्न कक्षों, भोजन व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा किशोरों को उपलब्ध कराई जा रही अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान किशोरों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के बारे में भी जानकारी ली गई।
किशारों द्वारा बताया गया कि भोजन की गुणवत्ता ठीक है। मा० जनपद न्यायधीश ने किशारों स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली उनके द्वारा बताया कि स्वास्थ्य ठीक है तथा सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भोजन व नाश्ता मीनू अनुसार ही किशारों को उपलब्ध कराया जाए।
जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध किशोरों को शासन के मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साफ-सफाई एवं भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहने पाए।
अधिकारियों ने कहा कि किशोरों के साथ संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करते हुए उनके बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। निरीक्षण के दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आनंद कुमार द्वितीय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल कुमार सोनकर सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।





