News

रातभर बारिश से अहरौरा बांध का जलस्तर बढ़ा, दो-दो फीट खोले गये दो फाटक

0 जरगो जलाशय का भी फाटक खोला गया, कई गांवों का आवागमन बाधित
अहरौरा, मीरजापुर। क्षेत्र में रातभर हुई लगातार बारिश से अहरौरा/डोंगिया बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। पर्यटन स्थल लखनियादरी, भलदरिया, सुखदरिया और अंदर सुंदर समेत विभिन्न स्थानों से तेज बहाव के साथ पानी आने से जलाशय का जलस्तर निर्धारित लेवल के करीब पहुंच गया। जलस्तर लगभग 355 फीट पहुंचने के बाद पानी का दबाव बढ़ने पर अहरौरा बांध के फाटक संख्या 16 और 17 को करीब दो-दो फीट खोल दिया गया।
 
बांध के फाटक खोले जाने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग बांध का नजारा देखने पहुंच गए। बांध से पानी छोड़े जाने के बाद जहां क्षेत्र की प्राकृतिक खूबसूरती बढ़ गई, वहीं दूसरी ओर निचले इलाकों के कई गांवों में जलभराव का खतरा बढ़ गया है।
 
लगातार बारिश के कारण गढ़ई नदी का जलस्तर भी बढ़ गया, जिससे अहरौरा-चकिया मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। ग्रामीण क्षेत्रों में बांध का पानी छोड़े जाने के बाद कई गांवों के संपर्क मार्गों पर भी आवागमन बाधित होने की स्थिति बनी हुई है। वहीं, अधिक बारिश के कारण जरगो जलाशय का भी फाटक खोल दिया गया है। इससे आसपास के कई गांवों के आवागमन पर असर पड़ा है। ग्रामीणों में जलस्तर बढ़ने को लेकर चिंता बनी हुई है।
 
सिंचाई विभाग के जेई ओम प्रकाश राय ने बताया कि रात से लगातार बारिश होने के कारण जलाशय में पानी का जलस्तर बढ़ गया। उच्चाधिकारियों के आदेश पर अहरौरा बांध के फाटक संख्या 16 एवं 17 को लगभग दो-दो फीट खोला गया है, ताकि जलाशय में पानी का दबाव नियंत्रित रखा जा सके।
Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!