News

दहेज हत्या के मामले में पति, सास और ससुर गिरफ्तार

अहरौरा, मीरजापुर। अहरौरा थाना क्षेत्र के मगनदीवाना डकही गांव में गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। तीनों के खिलाफ दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। 29 अगस्त को नारद बिन्द पुत्र स्व. जतन बिन्द निवासी हसनपुर कम्हरिया, थाना बबुरी, जनपद चन्दौली ने अपनी पुत्री को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने एवं उसकी हत्या किए जाने के संबंध में नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर थाना अहरौरा में धारा 80(2), 85 बीएनएस एवं 3/4 डीपी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
 
बताया गया कि बबीता बिन्द (20 वर्ष) का विवाह 21 अप्रैल 2026 को अजय बिन्द के साथ हुआ था। विवाह के बाद वह अपने ससुराल मगनदीवाना डकही में रह रही थी। बबीता गर्भवती थी। 29 अगस्त को उसका शव ससुराल में पंखे से साड़ी के सहारे लटका मिला था।
 
घटना के बाद मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाते हुए पति, सास, ससुर, ननद और देवर के खिलाफ लिखित तहरीर दी थी।
 
इसी मामले में एक सितंबर को उपनिरीक्षक संजय सिंह ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर नामजद आरोपी कैलाश बिन्द पुत्र विपत राम (ससुर), अजय कुमार बिन्द पुत्र कैलाश बिन्द (पति) तथा रामपति देवी पत्नी कैलाश बिन्द (सास), निवासी डकही, थाना अहरौरा, जनपद मीरजापुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!