कहा—शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें, लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई
भदोही। मुख्यमंत्री जी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी श्री शैलेष कुमार ने आईजीआरएस (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) के अंतर्गत 01 से 31 जुलाई 2026 तक प्राप्त शिकायतों के निस्तारण एवं शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान खराब एवं असंतुष्ट फीडबैक वाले अधिकारियों के प्रति जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बेहद असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए। इनमें तीनों तहसीलदार, तत्कालीन तहसीलदार सुनील कुमार, थाना प्रभारी सुरियावां अश्वनी त्रिपाठी, थाना प्रभारी औराई राजेश कुमार, क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी रोहित सिंह तथा अधिशासी अभियंता जल निगम राजबली शामिल हैं।
इसी क्रम में असंतुष्ट फीडबैक अधिक होने पर अग्रणी जिला प्रबंधक, जिला पूर्ति अधिकारी, उप जिलाधिकारी ज्ञानपुर, उप जिलाधिकारी औराई, परियोजना अधिकारी डूडा, थाना प्रभारी गोपीगंज, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद भदोही तथा अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत भदोही को कठोर चेतावनी दिए जाने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त थाना प्रभारी चौरी, थाना प्रभारी ज्ञानपुर, अधिशासी अभियंता नलकूप तथा सब-रजिस्ट्रार भदोही, सब-रजिस्ट्रार ज्ञानपुर एवं सब-रजिस्ट्रार औराई सहित संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान कराना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिकता पूरी करने के लिए शिकायतों का निस्तारण न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि को भी प्राथमिकता दी जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि आईजीआरएस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। भविष्य में शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही अथवा लगातार असंतुष्ट फीडबैक पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सभी तहसीलों में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात, साफ-सफाई, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश
भदोही। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 04 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व की तैयारियों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद की सभी तहसीलों एवं प्रमुख आयोजन क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। उन्होंने सभी नामित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमण कर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने से पूर्व उसका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश संबंधित नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि मंदिरों, पूजा स्थलों, प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाए तथा कहीं भी कूड़ा-कचरा अथवा जलभराव की स्थिति न रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि ग्राम पंचायतों के माध्यम से मंदिरों एवं आयोजन स्थलों के आसपास साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराई जाएं।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पर्व के दौरान आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा प्रमुख आयोजन स्थलों पर आवश्यकतानुसार चिकित्सा टीम एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। इसी प्रकार अग्निशमन विभाग को मंदिरों एवं भीड़भाड़ वाले आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों में होने वाली पूजा-अर्चना, झांकियों, भजन-कीर्तन एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। भीड़ वाले स्थानों पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व जनपद में परंपरागत रूप से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाता है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं।
बैठक में समस्त एसडीएम समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





