News

स्टाम्प एवं पंजीयन के नए भवन का राज्यमंत्री स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क व पंजीयन विभाग ने भूमि पूजन कर किया शिलान्यास

0 उप महानिरीक्षक निबंधन, सहायक निरीक्षक एवं उप महानिबंधक सदर कार्यालय का एक ही भवन में होगा निर्माण-465 लाख की लागत से बनेगा आधुनिक भवन
 
0 विधायक मड़िहान, ब्लाक प्रमुख पहाड़ी, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 रहे उपस्थित-15 दिसम्बर तक नवीन भवन में कार्यालय संचालित करने का निर्देश
 
0 निबंधन कार्यालय का नए आधुनिक भवन से लोगों को सुविधा मिलने के साथ ही रजिस्ट्री प्रक्रिया होगी और आसान:  रवीन्द्र जायसवाल
 
मीरजापुर। प्रदेश  के राज्यमंत्री स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग श्री रवीन्द्र जायसवाल ने आज जनपद भ्रमण के दौरान जनपद मुख्यालय के ग्राम चन्दईपुर में उप महानिरीक्षक निबंधन, सहायक महानिरीक्षक निबंधन एवं उप निबंधक कार्यालय सदर के नव निर्मित नवीन भवन का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नींव की ईंट का पूजन कर शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, ब्लाक प्रमुख पहाड़ी इन्द्र बहादुर पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 विनोद कुमार सिंह के अलावा स्टाम्प विभाग के सभी अधिकारी व अधिवक्तागण उपस्थित रहे।इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों, प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता के दौरान राज्यमंत्री ने कहा कि नए भवन के बन जाने से जनता को एक ही छत के नीचे सभी निबंधन सम्बंधी सूचनाएं व कार्य हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि जनपद मीरजापुर का निबंधन कार्यालय काफी दिनों से कलेक्ट्रेट के अलग-अलग कक्षों में संचालित होता रहा है जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है।
 
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की मंशा है कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में निबंधन विभाग का अपना अत्याधुनिक कार्यालय हो जहां जनता को सम्मान के साथ सुविधाएं मिल सकें। मंत्री ने कहा कि स्टाम्प एवं पंजीयन विभाग सरकार के राजस्व का सबसे बड़ा विभाग है। नवीन भवन के तैयार होने से इसमें पूरी तरह से आनलाइन एवं पारदर्शी रूप से निबंधन कार्य होगा। 
 
मंत्री ने कहा कि रजिस्ट्री कराने के लिए लोगों को पहले कई दिन चक्कर लगाने पड़ते थे अब हमारी सरकार के द्वारा यह व्यवस्था की गई है कि एक दिन में रजिस्ट्री और बैनामा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ई-स्टाम्पिंग और ई-पंजीयन से जनता को काफी राहत मिल रही है। उन्होंने बताया कि मीरजापुर में भी नया भवन बनने से लोगों को एयर कंडीशन हाल में बैठने की सुविधा मिलेगी और रजिस्ट्री प्रक्रिया आसान होगी। इस दौरान उप महानिरीक्षक निबंधन ने बताया कि 465.27 लाख की लागत से बनने वाले इस नवीन भवन के लिए अभी तक 232.64 लाख शासन द्वारा कार्यदायी संस्था सी0एण्ड0डी0एस0 को अवमुक्त कर दिया गया है, जिसके पूर्ण होने की तिथि 31.10.2027 निर्धारित की गई है।
 
जिस पर राज्यमंत्री ने कहा कि निर्माणाधीन भवन में गुणवत्ता के साथ समयबद्धता का ध्यान रखा जाए। निर्माणाधीन कार्यालय में कार्यालय उप निबंधक सदर, सहायक उप महानिरीक्षक निबंधन एवं केन्द्रीय अभिलेखागार रहेगा। उप निबंधक सदर एवं केन्द्रीय अभिलेखागार जी-भूतल पर, सहायक महानिरीक्षक निबंधन एवं उप महानिरीक्षक निबंधन जी प्लस-01 पर के अलावा टॉयलेट, कैंटीन, पार्किंग, सी0सी0 रोड, बाउंड्रीवाल, गेट, लिफ्ट के निर्माण कार्य के अलावा 10 के0वी0ए0 का सोलर सिस्टम तथा वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम से सुसज्जित भवन होगा।
Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!