News

स्कूली बच्चो के साथ धरना प्रदर्शन मामले मे पूर्व सपा प्रत्याशी और 7 नामजद सहित अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

0 पत्रकार वार्ता कर सपा जिला अध्यक्ष ने कहा- लोकतांत्रिक तरीके से दिया धरना, वापस हो मुकदमा
मीरजापुर।
सोमवार, 7 सितंबर को कंपोजिट विद्यालय चेरूईराम विकास खंड सिटी के बच्चों के आवागमन के लिए मार्ग की मांग को लेकर विद्यालय के सामने सड़क पर मझवा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रोहित शुक्ला ‘लल्लू’, समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष कौशिक कनौजिया, स्थानीय ग्रामीणों एवं बच्चों द्वारा बच्चों को साथ लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया था।
धरना-प्रदर्शन के संबंध में थाना कोतवाली देहात में रोहित शुक्ला एवं कौशिक कनौजिया सहित कुल 7 लोगों तथा अन्य अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

इस मामले मे समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी एवं मझवा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रोहित शुक्ला ‘लल्लू’ ने पार्टी कार्यालय पर प्रेस वार्ता कर कहाकि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर जनपद में बंद पड़े प्राथमिक विद्यालयों एवं विद्यालयों की समस्याओं की जानकारी जुटाकर उनके समाधान का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों द्वारा जनपद में 29 विद्यालय बंद होने की जानकारी चिन्हित की गई है।

कहा कि चेरूईराम कंपोजिट विद्यालय में बच्चों के आने-जाने के लिए रास्ता नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी हो रही थी। इसी समस्या के समाधान की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से धरना दिया गया। उनके अनुसार, प्रदर्शन के बाद प्रशासन द्वारा रास्ता बनवाने का निर्णय लिया गया, लेकिन बाद में पार्टी नेताओं के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर दिया गया।

श्री चौधरी ने मुकदमा वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो समाजवादी पार्टी आगे की रणनीति तय कर पुरजोर विरोध करेगी। रोहित शुक्ला ने कहा कि उनके विरुद्ध थाना कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज है और वह स्वयं कोतवाली जा रहे हैं। कहा कि पुलिस उन्हें गिरफ्तार करे अथवा धारा 151 में चालान करे। वार्ता के बाद रोहित शुक्ला ‘लल्लू’ कार्यकर्ताओं के साथ चार पहिया वाहन से थाना कोतवाली देहात मिर्जापुर के लिए रवाना हुए।

किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मुकदमा
संजय कुमार तिवारी सहायक अध्यापक कम्पोजिट विद्यालय चेईराम ने पुलिस को दिये थहरीर मे कहा है कि सोमवार, 07 सितंबर को सुबह 07.40 पर स्कूल पहुँचा तो पाया कि स्कूल गेट के सामने स्कूल जाने वाले रास्ते को लेकर कुछ ग्रामीण एवं अभिभावक स्कूल के बच्चों को ढाल बनाकर कानून विरोधी गतिविधियों में संलिप्त कर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। तब तक मेरे स्कूल के सभी स्टाफ पहुँच गये ग्रामवासियों में कौशिक कन्नौजिया, रामनरेश यादव, शंकर, लालबहादुर, आरती आदि ग्रामवासी उपस्थित थे। कहा है कि ऐसा प्रतीत होता है कि किसी ग्रामवासी द्वारा फोन करके सपा नेता रोहित शुक्ला (लल्लू) को बुलाया गया और सभी लोग बच्चों को बुलाकर गेट के बाहर बैठ गये ग्रामवासी व सपा नेता रोहित शुक्ला व उनके समर्थक तरह तरह के नारे लगा रहे थे। हम लोगों द्वारा अपने उच्चाधिकारियों को दूरभाष द्वारा सूचना दिया गया तत्पश्चात बण्ड विकास अधिकारी सिटी, नायब तहसीलदार सदर, खण्ड शिक्षा अधिकारी सिटी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, क्षेत्रीय लेखपाल एवं ग्राम प्रधान मौके पर उपस्थित होकर लोगों से वार्तालाप कर समझा बुझाकर धरना लिखित सहमति के पश्चात समाप्त किया गया। इन लोगों द्वारा किये गये धरना प्रदर्शन से आम लोगों का रास्ता अवरूद्ध हुआ तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुयी तथा हम शिक्षकगण को विद्यालय में जाने से रोक दिया गया। यह धरना/कृत्य सपा नेताओं द्वारा किया एवं कराया गया है। तहरीर के आधार पर देहात कोतवाली पुलिस ने 7 नामजद सहित अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बी एन एस), 2023 के 191(2), 126(2), 221 एवं 83 किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम 2015 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!