News

प्रयागराज मंडल के टिकट काउंटरों पर डिजिटल भुगतान को बढ़ावा; अगस्त 2026 में UTS काउंटरों पर डिजिटल भुगतान की हिस्सेदारी बढ़कर 17.23 प्रतिशत

प्रयागराज।

प्रयागराज मंडल द्वारा यात्रियों को सुविधाजनक, त्वरित एवं कैशलेस टिकटिंग सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टिकट काउंटरों पर डिजिटल भुगतान को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप मंडल के UTS (अनारक्षित टिकट प्रणाली) काउंटरों पर डिजिटल भुगतान की हिस्सेदारी में निरंतर वृद्धि दर्ज की गई है।

प्रयागराज मंडल में अप्रैल 2026 में टिकट काउंटरों पर डिजिटल भुगतान की हिस्सेदारी 12.27 प्रतिशत थी, जो मई में बढ़कर 12.86 प्रतिशत, जून में 14.36 प्रतिशत, जुलाई में 15.25 प्रतिशत तथा अगस्त 2026 में बढ़कर *17.23 प्रतिशत* हो गई। इस प्रकार अप्रैल की तुलना में अगस्त में डिजिटल भुगतान की हिस्सेदारी में *4.96 प्रतिशत अंक की वृद्धि* दर्ज की गई है। अगस्त में पिछले माह जुलाई की तुलना में भी 1.98 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई है।

अगस्त 2026 में UTS काउंटरों पर डिजिटल भुगतान के मामले में *अलीगढ़ जंक्शन* 37.55 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ प्रथम स्थान पर रहा। इसके बाद *प्रयागराज जंक्शन* 34.47 प्रतिशत, *इटावा* 27.92 प्रतिशत, *विंध्याचल* 25.80 प्रतिशत, *प्रयागराज छिवकी* 24.67 प्रतिशत और *फतेहपुर* 24.00 प्रतिशत डिजिटल भुगतान हिस्सेदारी के साथ प्रमुख स्टेशनों में रहे। वहीं सोनभद्र में 22.25 प्रतिशत, *टूंडला* में 21.32 प्रतिशत, *सूबेदारगंज* में 21.32 प्रतिशत तथा *दादरी* में 20.01 प्रतिशत डिजिटल भुगतान दर्ज किया गया।

*अगस्त माह* में अलीगढ़ जंक्शन ने पिछले माह की तुलना में डिजिटल भुगतान हिस्सेदारी में 9.86 प्रतिशत अंक की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की। प्रयागराज जंक्शन पर भी यह हिस्सेदारी जुलाई के 32.24 प्रतिशत से बढ़कर अगस्त में 34.47 प्रतिशत हो गई। फतेहपुर, इटावा और सूबेदारगंज जैसे स्टेशनों पर भी डिजिटल भुगतान में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई।

रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों को टिकट खरीदते समय डिजिटल भुगतान के लिए जागरूक किया जा रहा है। UPI/QR आधारित भुगतान से यात्रियों को नकदी रखने की आवश्यकता कम होती है तथा टिकट खरीदने की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक और सुगम बनती है।

प्रयागराज मंडल का प्रयास है कि अधिक से अधिक यात्री टिकट काउंटरों पर उपलब्ध डिजिटल भुगतान सुविधा का उपयोग करें और रेलवे की कैशलेस एवं डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने में सहभागी बनें।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!