शिवालय के तालाब में जहरीला पदार्थ डालने से मरी मछलियां, दुर्गंध से ग्रामीण परेशान
0 मछली पालक को करीब 50 हजार रुपए का नुकसान, जांच कर कार्रवाई की मांग
फोटोसहित
कछवा, मीरजापुर। क्षेत्र के बाड़ापुर गांव स्थित शिवालय के तालाब में जहरीली वस्तु डालने से मछलियों के मरने का मामला सामने आया है। तालाब में बड़ी संख्या में मछलियां मरने से आसपास के वातावरण में दुर्गंध फैल गई है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घटना से मछली पालक को करीब 50 हजार रुपए का आर्थिक नुकसान होने की बात सामने आई है। लेकिन मछली पालक परमेश का कहना है कि हमने लगभग 280000 (दो लाख अस्सी हज़ार) मछली का बच्चा तालाब में छोड़ा है, पर एक चौथाई मछलियां जब आज सुबह मरी हुई दिखाई दीं, तो हमने 5000 ₹ की दवा का छिड़काव किया। तब जाकर मछलियों के मरने का क्रम धीरे धीरे टूट रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, बाड़ापुर गांव के शिवालय के तालाब में अचानक मछलियां मरने लगीं। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने तालाब में जहरीली वस्तु डाल दी, जिसके कारण मछलियों की मौत हुई। हालांकि जहरीली वस्तु क्या थी और उसे किसने तालाब में डाला, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मछलियों के मरने के बाद तालाब के आसपास दुर्गंध फैलने लगी है। इससे शिवालय आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और आसपास रहने वाले ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तालाब में मछलियों की मौत से मछली पालक को आर्थिक क्षति हुई है। बताया जा रहा है कि इस घटना में करीब 50 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। मछली पालक ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराने और नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि तालाब में जहरीली वस्तु डालने की घटना गंभीर है। इससे जलीय जीवों के साथ ही आसपास के वातावरण पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब की जांच, मृत मछलियों के उचित निस्तारण और दुर्गंध से निजात दिलाने की मांग की है।


