News

जनहित की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता: नन्दी
 
जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक में जनहित के विभिन्न विषयों पर हुई विस्तृत चर्चा
फोटोसहित
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री एवं मिर्जापुर के प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने सोमवार को अष्टभुजा गेस्टहाउस में जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जनपद के विकास, जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
मंत्री नन्दी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक प्रभावी एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और आपसी संवाद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान तथा विकास कार्यों को गति देने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें।
बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच तथा जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से क्षेत्रीय समस्याओं और उनके समाधान के संबंध में भी जानकारी ली गई।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्षों को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जनपद में व्यापक जनभागीदारी एवं उत्साह के साथ आयोजित किए जाने की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, विधायक सुचिस्मिता मौर्या, विधायक श्रीमती रिंकी कोल, भाजपा जिलाध्यक्ष मिर्जापुर लालबहादुर सरोज, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी, भाजपा जिला महामंत्री रवि पांडे, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!