*चंचल ने खिलाड़ियों को दिए सफलता के टिप्स*
मीरजापुर। ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के अंतर्गत मिनी ग्रामीण स्टेडियम मेडिया, चुनार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केन्या में आयोजित अंतरराष्ट्रीय 8 विजन 2025-26 में उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी चंचल यादव पुत्र नारायण यादव, निवासी मझवा तराश को आमंत्रित किया गया। स्टेडियम में अभ्यासरत खिलाड़ियों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान चंचल यादव ने खिलाड़ियों से अपना परिचय साझा करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के अपने सफर के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खेल जीवन में सफलता हासिल करने के लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पण जरूरी है। उन्होंने अपने संघर्षों, सामने आई चुनौतियों और उन्हें पार करने के अनुभव भी खिलाड़ियों के साथ साझा किए।
चंचल यादव ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के लिए शुरुआती दौर में अनेक कठिनाइयां आती हैं, लेकिन मेहनत और निरंतर अभ्यास के माध्यम से इन चुनौतियों को अवसर में बदला जा सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों को लक्ष्य निर्धारित कर पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद चंचल यादव ने स्टेडियम के खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट का अभ्यास मैच भी खेला। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को खेल से जुड़े विभिन्न अनुभव और उपयोगी टिप्स दिए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कर चुके खिलाड़ी के साथ अभ्यास करने का अवसर मिलने से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करना और उन्हें खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना रहा। चंचल यादव के अनुभवों से खिलाड़ियों को अपने खेल जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना करने तथा सफलता के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा मिली।


