News

विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
0 पुलिसकर्मियों ने साइबर अपराध से बचाव, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल सुरक्षा के संबंध में दी महत्वपूर्ण जानकारी
फोटोसहित
अहरौरा, मीरजापुर। थाना अहरौरा क्षेत्र के कस्बा अंतर्गत नगर पालिका इंटर कॉलेज सत्यानगंज में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान हे.का. नरेंद्र सिंह एवं रि.का. अंकित अवस्थी ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव तथा डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित इस्तेमाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों के बारे में बताया। इस दौरान विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड, बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी एवं अन्य व्यक्तिगत विवरण साझा न करें। अनजान मोबाइल नंबरों से आने वाले संदिग्ध कॉल, मैसेज और लिंक से सावधान रहें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।
पुलिसकर्मियों ने ऑनलाइन खरीदारी, सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने पर भी जोर दिया। विद्यार्थियों को बताया गया कि साइबर अपराध की जानकारी होने पर उसे नजरअंदाज न करें, बल्कि तत्काल अपने परिजनों और संबंधित पुलिस अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया। पुलिस की ओर से चलाए जा रहे इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देना तथा डिजिटल सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाना है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!