महिला आरक्षी पर हिंदू देवी-देवताओं के अपमानजनक पोस्ट करने का लगाया आरोप 0 विहिप जिलाध्यक्ष ने सौंपा एसपी को ज्ञापन
फोटोसहित
मीरजापुर। विहिप के जिलाध्यक्ष हरिशंकर मिश्र ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अर्पणा रजत कौशिक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपकर हिंदू देवी देवताओं पर अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। बताया है कि हलिया थाने में तैनात महिला आरक्षी सलोनी दिवाकर के फेसबुक अकाउंट से एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में भगवान श्रीकृष्ण के लिए आपत्तिजनक और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। बताया जा रहा है कि सलोनी दिवाकर के सोशल मीडिया प्रोफाइल पर हिंदू धर्म और देवी-देवताओं से जुड़े अन्य विवादित वीडियो भी मौजूद हैं। अगर ये पोस्ट उसी अकाउंट से हुई हैं और उनकी सच्चाई साबित होती है, तो यह मामला सिर्फ सोशल मीडिया विवाद तक सीमित नहीं बल्कि यह एक पुलिसकर्मी के आचरण और विभागीय मर्यादा से जुड़ा गंभीर विषय बन सकता है।
पं हरिशंकर मिश्र ने पत्रकारों को बताया कि इससे पहले एक स्कूल की प्रिंसिपल ने भी हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। उसकी शिकायत भी पुलिस अधीक्षक से की गई थी, लेकिन उस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। विहिप जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि अगर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है, जो लगातार हिंदू देवी-देवताओं को निशाना बना रहे हैं, तो विहिप आंदोलन करने को मजबूर होगा।





