हलिया, मीरजापुर। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के लहुरियादह गांव में डीजल के अवैध भंडारण का वीडियो शोसल मीडिया पर वायरल होने पर जिम्मेदारोध की तंद्रा टूटी। गुरुवार शाम को आपूर्ति निरीक्षक राज सिंह यादव की तहरीर पर दो के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्रवाई में जुट गई। मामले की जांच के बाद आपूर्ति निरीक्षक ने दोनों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अरुण कुमार पांडेय व आपूर्ति निरीक्षक राज सिंह यादव ने ड्रमंडगंज पुलिस के साथ लहुरियादह गांव में पहुंचकर मामले की जांच की। जांच के दौरान अलग-अलग जगहों पर डीजल का अवैध भंडारण किए जाने की बात सामने आई। आपूर्ति निरीक्षक की जांच में भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव निवासी विनोद कुमार जायसवाल व नारायण जायसवाल चोरी से खरीदे गए डीजल को अलग-अलग स्थानों पर रखकर बेचने का कार्य करते थे।
डीजल का अवैध कारोबार करने वाले दोनों आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज होने के बाद डीजल का अवैध भंडारण और बिक्री करने वाले कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि आपूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव निवासी विनोद कुमार जायसवाल व नारायण जायसवाल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।





