0 नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश केशरी ने अधिकारियों को पर्व से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के दिए निर्देश
अहरौरा, मीरजापुर। छठ महापर्व को देखते हुए अहरौरा नगर पालिका परिषद ने नगर के पोखरा घाटों पर तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था तक की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
इसी क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश केशरी ने दुर्गा जी मंदिर स्थित पोखरा घाट पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों की साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि सभी घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और लाउडस्पीकर भी लगाए जाएंगे, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नगर पालिका परिषद की ओर से छठ महापर्व को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस दौरान सभासद कुमार आनंद, कर्मचारी नीतीश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





