हरे-भरे पत्तल और दोने में परोसा प्रसाद, पानी पीने के लिए श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराए लोटे
0 सनातन परंपरा के साथ पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
0 भंडारे में दिखी हरित सोच की अनूठी पहल
मीरजापुर। सनातन धर्म की परंपराओं को प्रोत्साहित करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में प्रतापगढ जनपद के मकूनपुर क्षेत्र के सूर्यगढ सुंदरिया का पुरवा में कार्तिकेय जी के यहां आयोजित कथा के उपरांत हुए भंडारे में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। भंडारे में भोजन एवं प्रसाद वितरण के लिए प्लास्टिक अथवा थर्माकोल से बनी सामग्री के स्थान पर प्राकृतिक एवं पर्यावरण के अनुकूल हरे पत्तों से निर्मित पत्तल और दोने का प्रयोग किया गया।
वहीं, श्रद्धालुओं को पानी पीने के लिए डिस्पोजेबल गिलास के बजाय पारंपरिक लोटे उपलब्ध कराए गए। इस पहल के माध्यम से आयोजकों ने भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रति सम्मान प्रकट करने के साथ ही प्रकृति के संरक्षण का प्रेरक संदेश भी दिया। हमारी पारंपरिक जीवनशैली में प्रकृति के साथ सामंजस्य और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता सदैव महत्वपूर्ण रही है।
ऐसे आयोजनों में प्राकृतिक संसाधनों से निर्मित सामग्री का उपयोग न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि पुरानी भारतीय परंपराओं को पुनर्जीवित करने का भी सार्थक प्रयास है। धार्मिक आयोजन के साथ पर्यावरण संरक्षण को जोड़ने वाली यह पहल समाज के लिए अनुकरणीय है। निश्चित रूप से धर्म, संस्कृति और प्रकृति के प्रति दायित्वबोध का ऐसा समन्वय ही सनातन जीवन मूल्यों की वास्तविक सुंदरता को प्रदर्शित करता है।





