मीरजापुर।
शुक्रवार, 13 नवंबर को सायं ग्राम अहिरुपुर (सोनपुर) मंडल अहरौरा विधानसभा मड़िहान में कबड्डी प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल सम्मिलित हुए। उन्होंने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खेल का शुभारंभ कराया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच ग्राम अहिरुपुर एवं ग्राम सरिया की टीमों के बीच खेला गया।
इस अवसर पर विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अपने संबोधन में कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार खेलों को प्रोत्साहन देने और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। खेलो इंडिया जैसी पहल के माध्यम से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, अवसर और अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का मंच मिल रहा है।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को रोजगार एवं सरकारी नौकरी के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी रुचि लेने और मेहनत एवं लगन से आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विधायक ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द के साथ प्रतियोगिता को संपन्न कराना सराहनीय प्रयास है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष जगदीश बिंद, कोषाध्यक्ष रामधनी बिंद, राजू बिंद, अजीत बिंद, बंसराज बिंद, लालजी बिंद, बेचू बिंद, किसान नेता सिद्धनाथ सिंह एवं श अरुणेश पटेल सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


