News

मनरी की थाप, पुजारी की चिंघाड़ और श्रद्धालुओं के हुजूम के बीच बेचूबीर मेले का समापन

0 तीन दिनों तक उमड़ा आस्था का सैलाब, भूत-प्रेत बाधा से मुक्ति और संतान प्राप्ति की मान्यताओं के बीच विज्ञान को चुनौती देता रहा मेला

0 दूर-दराज के जनपदों व प्रदेशों से पहुंचे श्रद्धालु
अहरौरा, मीरजापुर। मनरी की थाप, पुजारी की तेज चिंघाड़, श्रद्धालुओं की जयकार और भूत-प्रेत बाधा से मुक्ति की मान्यताओं के बीच अहरौरा क्षेत्र के बरही गांव स्थित बाबा बेचूबीर का तीन दिवसीय ऐतिहासिक मेला मंगलवार की सुबह संपन्न हो गया। तीन दिनों तक मेले में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ता रहा। दूर-दराज के जनपदों और दूसरे प्रदेशों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा की चौरी पर मत्था टेककर मन्नतें मांगी। मेले में आस्था, लोक परंपरा, मान्यताओं और अंधविश्वास का ऐसा मिला-जुला दृश्य देखने को मिला, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
गुरुवार की मध्यरात्रि मेले का सबसे खास और चर्चित दृश्य देखने को मिला। जैसे ही घड़ी की सूइयां एक-दूसरे से मिलीं, मनरी की थाप के साथ पुजारी की चिंघाड़ गूंज उठी। अचानक उठी आवाज और मनरी की धुन के बीच श्रद्धालुओं की भीड़ बाबा की चौरी की ओर बढ़ने लगी। कुछ देर के लिए करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र में फैले मेले का कोलाहल थम सा गया और श्रद्धालुओं की निगाहें चौरी पर टिक गईं। इसके बाद पूरे मेला क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और हलचल फिर तेज हो गई।

मध्यरात्रि में मनरी की थाप से गूंज उठा मेला
मेले की मध्यरात्रि की परंपरा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रही। सोमवार की रात जैसे-जैसे गहराती गई, वैसे-वैसे बाबा की चौरी के आसपास भीड़ बढ़ती गई। शुक्रवार आधी रात के बाद मनरी की थाप और पुजारी की चिंघाड़ ने माहौल को पूरी तरह बदल दिया। श्रद्धालुओं के चेहरों पर कौतूहल, विश्वास और भावुकता साफ दिखाई देने लगी। बाबा की चौरी पर दर्शन और मन्नत के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।
मनरी की थाप सुनते ही श्रद्धालु चौरी की तरफ बढ़ने लगे। कई महिलाएं और पुरुष अपनी मनोकामनाओं के साथ वहां पहुंचे। मेले में इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते व्यवस्था बनाए रखना भी चुनौतीपूर्ण रहा। पुलिस बल की तैनाती के बीच मेला क्षेत्र में देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही

भूत-प्रेत बाधा से मुक्ति और संतान प्राप्ति की मान्यता
बेचूबीर बाबा का मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की वर्षों पुरानी लोक मान्यताओं और परंपराओं का बड़ा केंद्र माना जाता है। श्रद्धालुओं के बीच मान्यता है कि बाबा की चौरी पर दर्शन और पूजा करने से भूत-प्रेत बाधा से मुक्ति मिलती है। वहीं संतान प्राप्ति की इच्छा रखने वाले दंपती भी बाबा के दरबार में मन्नत लेकर पहुंचते हैं। इसी विश्वास के चलते तीन दिनों तक मेले में महिलाओं और पुरुषों की भारी भीड़ जुटी रही।

 

चावल का अक्षत पाने श्रद्धालुओं में दिखी होड़
मेले में पुजारी द्वारा प्रसाद के रूप में चावल के अक्षत वितरित किए जाने की परंपरा भी श्रद्धालुओं के बीच विशेष महत्व रखती है। अक्षत पाने के लिए भक्तों में होड़ देखने को मिली। श्रद्धालु इसे बाबा का आशीर्वाद मानकर अपने साथ ले जाते हैं। चौरी के आसपास भीड़ इतनी अधिक रही कि लोगों को आगे बढ़ने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

 

बेचूबीर बाबा और बरहिया माता की प्रचलित लोककथा
अहरौरा से करीब 12 किलोमीटर दूर बरही गांव स्थित बेचूबीर बाबा के ऐतिहासिक स्थल को लेकर क्षेत्र में कई लोककथाएं प्रचलित हैं। बताया जाता है कि वर्षों पहले बरही गांव में घना जंगल हुआ करता था। जंगल में लोग अपने पशुओं को चराने जाते थे। इसी गांव के निवासी बेचू यादव, जिन्हें शिवभक्त बताया जाता है, एक दिन अपने जानवरों को चराने जंगल गए थे। इसी घटना से जुड़ी स्थानीय कथाओं के आधार पर बेचूबीर बाबा की मान्यता और पूजा परंपरा विकसित होने की बात कही जाती है।
समय के साथ यह स्थल धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया। जंगल के बीच बने समाधि स्थल पर जाने वाले श्रद्धालुओं को वहां से लाभ मिलने की मान्यता के बाद इस स्थान की प्रसिद्धि बढ़ती चली गई। बाद में उक्त स्थान बेचूबीर बाबा के नाम से विख्यात हो गया। आज यहां आयोजित तीन दिवसीय मेले में विभिन्न जनपदों और राज्यों से लोग पहुंचते हैं।

तीसरे दिन बाघ के हमले की कथा और बेचू यादव के बलिदान की चर्चा
मेला संस्थापक रोशन लाल यादव एडवोकेट ने बताया कि मेले से जुड़ी लोककथाओं में बाघ के हमले और बेचू यादव के बलिदान की कहानी भी सुनाई जाती है। प्रचलित कथा के अनुसार, बेचू यादव जंगल में पशुओं को चराने गए थे, तभी बाघ ने हमला कर दिया। पहले दिन बाघ के हमले के बाद बेचू यादव वापस लौट गए। अगले दिन भी बाघ ने हमला किया, लेकिन मुकाबले के बाद वह थककर वापस चला गया। तीसरे दिन ऐसी घटना हुई जिसमें बेचू यादव ने कथित तौर पर प्राण गंवा दिए थै। बेचू यादव की मौत की खबर के बाद उनकी पत्नी अपने बच्चे के साथ मौके पर पहुंची और सती हो गईं। स्थानीय लोगों के बीच उन्हें बरहिया माई के नाम से जाना जाता है। कुछ दिनों बाद जंगल में बने समाधि स्थल पर जाने से लाभ होने की मान्यता प्रचलित हुई, जिसके बाद उस स्थान की प्रसिद्धि बढ़ती गई और बेचूबीर बाबा के नाम से यह धाम जाना जाने लगा। यह कथा स्थानीय लोकविश्वास और पीढ़ियों से चली आ रही मान्यताओं का हिस्सा है। मेला संस्थापक रोशन लाल यादव ने समापन पर मुख्यमंत्री सहित जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, एस डी एम चुनार, सी ओ नक्सल और थानाध्यक्ष अहरौरा अजय मिश्रा का आभार व्यक्त किया।

विज्ञान और चिकित्सा के लिए चुनौती बनती लोक मान्यताएं
बेचूबीर मेले में प्रचलित मान्यताएं विज्ञान और चिकित्सा के नजरिए से भी चर्चा का विषय बनती हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां आने से भूत-प्रेत, बाधा और अन्य परेशानियों से मुक्ति मिलती है। संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर भी बड़ी संख्या में दंपती यहां पहुंचते हैं। इन मान्यताओं का कोई वैज्ञानिक प्रमाण स्थापित नहीं है, लेकिन लोगों के विश्वास और परंपरा का प्रभाव इतना व्यापक है कि हर वर्ष हजारों लोग इस मेले में खिंचे चले आते हैं।
श्रद्धालुओं के आने-जाने, दर्शन, पूजा और प्रसाद वितरण के बीच पूरा क्षेत्र मेले के रंग में रंगा रहा। मंगलवार की सुबह मनरी बजने के साथ मेले के समापन की घोषणा हुई। इसके बाद श्रद्धालु धीरे-धीरे अपने घरों की ओर लौटने लगे। तीन दिनों तक आस्था, लोक परंपरा और मान्यताओं का केंद्र बना बेचूबीर मेला एक बार फिर अपने पीछे श्रद्धालुओं की भीड़, धार्मिक उत्साह और कई सवाल छोड़ गया।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!