News

खादी महोत्सव 2026: पांचवें दिन 32 लाख रुपये से अधिक की बिक्री, स्वदेशी उत्पादों की रही धूम

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा आयोजित *मंडल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी; खादी महोत्सव 2026-27 के पांचवें दिन सोमवार को मेले में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। प्रदर्शनी में लोगों का खासा उत्साह देखने को मिला। ग्राहकों ने खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े विभिन्न उत्पादों की जमकर खरीदारी की।

ठंड के बढ़ते प्रभाव के चलते ऊनी एवं गर्म कपड़ों के स्टॉलों पर विशेष रौनक रही। महिलाओं में गर्म कुर्ती एवं अन्य शीतकालीन वस्त्रों की खरीदारी को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। वहीं सहारनपुर के आकर्षक लकड़ी के फर्नीचर की भी ग्राहकों ने खूब खरीदारी की। मेले में स्वदेशी उत्पादों के प्रति लोगों का विशेष आकर्षण देखने को मिला।

प्रदर्शनी में स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ रही। लोगों ने समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीदारी कर स्थानीय *महिला उद्यमियों एवं ग्रामीण कारीगरों का उत्साहवर्धन किया।

प्रदर्शनी के पांचवें दिन लगभग 32 लाख रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की गई। मेले में उमड़ रही भीड़ और लगातार हो रही खरीदारी से स्पष्ट है कि जनमानस में स्वदेशी उत्पादों एवं खादी के प्रति रुचि बढ़ रही है।

उल्लेखनीय है कि यह मंडल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी दिनांक 19 नवंबर 2026 से 28 नवंबर 2026 तक बी.एल.जे. ग्राउंड, महुवरिया, जनपद मिर्जापुर में आयोजित की जा रही है। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, ग्रामीण उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध कराना, उनके उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। यह जानकारी अमितेश कुमार सिंह
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी मिर्जापुर ने दी है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!