अशोक सिंहल जन्म शताब्दी वर्ष पर हित चिंतक अभियान का हुआ शुभारंभ
मीरजापुर। अशोक सिंहल के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर महंथ शिवाला स्थित सरस्वती विद्या मंदिर के प्रांगण में पूज्य संतों, धर्माचार्यों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, आचार पद्धति एवं श्रीराम जय राम के पावन उद्घोष के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के प्रान्त संगठन मंत्री राजेंद्र ने अशोक सिंहल के जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व एवं संगठनात्मक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहाकि सिंहल जी का जन्म 27 सितंबर 1926 उत्तर प्रदेश के आगरा में हुआ था, आपके पिता महावीर प्रसाद सिंहल एवं माता श्रीमती विद्यावती थीं आपका पालन-पोषण संस्कारवान एवं राष्ट्रनिष्ठ परिवार में हुआ। आपने काशी हिंदू विश्वविद्यालय वाराणसी से विज्ञान एवं अभियांत्रिकी की शिक्षा प्राप्त की। बाल्यकाल से ही आपका झुकाव राष्ट्रसेवा की ओर रहा और आप राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक बने।
कहाकि ऊनका संपूर्ण जीवन संघ कार्य, राष्ट्रसेवा एवं हिंदू समाज के संगठन के लिए समर्पित कर दिया, वर्ष 1981 में विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व संभालकर संगठन के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख सूत्रधारों में आपका महत्वपूर्ण स्थान रहा। आपने इस आंदोलन को व्यापक सामाजिक एवं धार्मिक आधार प्रदान किया, श्रीराम मंदिर निर्माण के संकल्प को लेकर देशभर में हिंदू समाज को जागृत एवं संगठित करने का कार्य किया,संतों एवं धर्माचार्यों को एक मंच पर लाकर धर्म संसद की परंपरा को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जाति, भाषा एवं प्रांत के भेदभाव से ऊपर उठकर संपूर्ण हिंदू समाज को एक सूत्र में पिरोने का सतत प्रयास किया और एकल विद्यालय, वनवासी कल्याण तथा सेवा एवं शिक्षा से जुड़े कार्यों को प्रोत्साहित कर समाज के वंचित वर्गों तक संगठन की पहुँच बढ़ाई।
गौमाता की रक्षा एवं गौसंवर्धन के लिए आजीवन समर्पित भाव से कार्य किया और समाज को इस दिशा में जागरूक किया। आपका जीवन सादगी, अनुशासन, तपस्या एवं त्याग का अनुपम उदाहरण रहा। संत-महात्माओं एवं धर्माचार्यों को समाज में उचित सम्मान एवं प्रतिष्ठा दिलाने तथा उन्हें सामाजिक एवं धार्मिक जागरण के केंद्र में स्थापित करने का कार्य किया। 17 नवंबर 2015 को गुरुग्राम में आपका देहावसान हुआ। आपका जीवन संदेश आज भी प्रत्येक कार्यकर्ताओ के लिए प्रेरणास्रोत है।
राजेंद्र ने कहा कि अशोक सिंहल जी का जीवन हम सभी के लिए संगठनात्मक निष्ठा, त्याग, समर्पण एवं राष्ट्रभक्ति का आदर्श है। उनके द्वारा स्थापित आदर्शों एवं संकल्पों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रान्त बौद्धिक प्रमुख प्रोफेसर कुलदीप ने अशोक सिंहल जी के जीवन, व्यक्तित्व, राष्ट्र एवं धर्म के प्रति उनके अटूट समर्पण तथा हिंदू समाज को संगठित करने में उनके ऐतिहासिक योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।
कहाकि सिंहल जी का संपूर्ण जीवन त्याग, तपस्या, अनुशासन एवं राष्ट्रनिष्ठा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके विचारों एवं आदर्शों से प्रेरणा लेकर प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन के प्रति समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धेय अशोक सिंहल जी का स्मरण करते हुए उनके जीवन से जुड़ा प्रेरक प्रसंग साझा किया कि यदि ईश्वर उनसे मोक्ष एवं श्रीराम मंदिर निर्माण में से किसी एक को चुनने के लिए कहें, तो वे श्रीराम मंदिर निर्माण के मार्ग को ही चुनेंगे। विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष हरिशंकर मिश्र ने अपने वक्तव्य में अशोक सिंहल के जीवन आदर्शों एवं हिंदू समाज को संगठित करने के उनके संकल्प को आगे बढ़ाने के आह्वान किया और संकल्प लिया की श्रद्धेय अशोक सिंहल के विचारों को जन-जन तक पहुँचाना, हिंदू समाज को संगठित करना तथा सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक जागरण के माध्यम से संगठन को प्रत्येक गाँव एवं प्रखंड तक सशक्त बनाना। अशोक सिंहल जी का तपस्वी जीवन, संगठन के प्रति उनकी अटूट निष्ठा एवं राष्ट्रधर्म के प्रति उनका समर्पण आने वाली को सदैव प्रेरणा प्रदान करता रहेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष परमेश्वर मौर्य एवं संचालन प्रान्त सत्संग प्रमुख महेश तिवारी ने किया।
इस अवसर पर विद्याभूषण, अमित, रामचंद्र, राज माहेश्वरी, प्रवीण, नीरज, अभय, अरविंद सारस्वत, विजय, पमाता सहाय, चंदप्रकाश, दिव्या, पार्वती गिरी, पूर्व प्राचार्य बिन्नानी कॉलेज वीना सिंह, पूनम केशरी, सुनीता शर्मा, निधि, प्रमोद सोनकर, अशोक सिंह, अभिषेक यादव, उमेश सिंह, प्रह्लाद सोनकर, दिनय दुबे, श्याम, सन्तोष दुबे, सोनी, पवन शर्मा, आदर्श सेठ, विद्या सागर विन्द, शंकर अग्रहरि, जीत नारायण, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी, मनोज दमकल, सभासद संदीप तिवारी, हेमंत त्रिपाठी, महेश त्रिपाठी, डॉ पुष्पेन्द्र, शशिकांत, शुभ गुप्ता आदि रहे।





