News

संविधान दिवस पर 5000 से अधिक विद्यार्थी एक साथ करेंगे संविधान की प्रस्तावना का वाचन, ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार दिनांक 26 नवम्बर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर प्रातः 09:00 बजे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मिर्जापुर द्वारा ‘संविधान संवाद अभियान के अंतर्गत ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम का आयोजन डॉ. सरला सर्राफ पब्लिक स्कूल, मिर्जापुर में किया जाएगा।

उक्त कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के 5000 से अधिक छात्र-छात्राओं के सम्मिलित होने की संभावना है। इस अवसर पर विद्यार्थी वृहद स्तर पर एक साथ एक स्वर में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करेंगे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संविधान के प्रति सम्मान, संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता की भावना को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं नोडल शिक्षकों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। विद्यार्थियों की सहभागिता, कतारबद्ध की व्यवस्था, निर्धारित समूहों का गठन, अनुशासन तथा सामूहिक प्रस्तावना वाचन के सुचारु संचालन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

जनपद न्यायाधीश / जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुपम कुमार के मार्गदर्शन तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आनंद कुमार ।। के निर्देशन में आयोजित यह कार्यक्रम जनपद में संवैधानिक साक्षरता को बढ़ावा देने तथा युवा पीढी को संविधान की मूल भावना से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया जाएगा कि संविधान केवल एक विधिक दस्तावेज नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है तथा प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों का मार्गदर्शक भी है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!