मीरजापुर। यातायात सुरक्षा अभियान के तहत नवीन अरोरा अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन के मार्गदर्शन में जनसामान्य को यातायात नियमों के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से निर्धारित दिवसवार कार्ययोजना के क्रम में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत 24 नवंबर को वाराणसी जोन के सभी 9 जनपदों आजमगढ़, बलिया, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, चन्दौली, मीरजापुर, सोनभद्र, भदोही में ”दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी” और ”चार पहिया वाहनों के शीशों पर काली फिल्म” के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया
अभियान के दौरान आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की गई।
दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी एवं चार पहिया वाहनों के शीशों पर काली फिल्म के विरुद्ध कार्यवाही में 8,025 व्यक्तियों को जागरूक किया, 893 वाहनों का चालान तथा 5 लाख 74 हजार रुपये शमन शुल्क वसूल किया गया। सर्वाधिक कार्यवाई क्रमशः 2907 व्यक्तियों को यातायात नियमों के प्रति मीरजापुर परिक्षेत्र में जागरूक, 388 वाहनों का चालान आजमगढ़ परिक्षेत्र एवं 3 लाख 76 हजार शमन शुल्क वाराणसी परिक्षेत्र में वसूल किया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाएं और चार पहिया वाहनों के शीशों पर काली फिल्म न लगाएं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर आगे भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।





