अहरौरा, मीरजापुर। मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल एवं नगर पालिका परिषद अहरौरा के सभासद कुमार आनंद ने सोमवार की मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।
विधायक ने बारिश के मौसम में क्षेत्र की खराब सड़कों का मुद्दा उठाते हुए क्षतिग्रस्त मार्गों की जल्द मरम्मत कराने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित करने का आग्रह किया। उन्होंने कई माह से लंबित वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन को पुनः शुरू कराने की भी मांग की।
सभासद कुमार आनंद ने अहरौरा नगर के विकास, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत अन्य स्थानीय समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा। वहीं, अतिवृष्टि और लगातार बारिश से किसानों की बर्बाद हुई फसलों का उचित मुआवजा दिलाने की मांग भी की गई।
विधायक ने गेहूं खरीद के बाद किसानों के लंबित भुगतान का मामला उठाते हुए शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने का आग्रह किया। इसके अलावा क्षेत्र में खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने में हो रही देरी की समस्या से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने अतिरिक्त ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की, ताकि खराबी की स्थिति में उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली संकट का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक और सभासद द्वारा उठाई गई जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने संबंधित समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया है।





