‘मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल चलकर नाम लिखाओ’ के गूंजे नारे
फोटोसहित
विजयपुर, मीरजापुर।
स्कूल चलो अभियान के तहत छानबे ब्लॉक के कोलाही स्थित कंपोजिट विद्यालय के बच्चों ने जागरूकता रैली निकालकर शिक्षा का संदेश दिया। रैली का नेतृत्व प्रधानाध्यापक रवीश कुमार अग्रहरी ने किया। रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर पूरे गांव में भ्रमण करते हुए पुनः स्कूल पर पहुंचकर समाप्त हुई।
इस दौरान बच्चों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर “मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल चलकर हमारा नाम लिखाओ” और “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल पढ़ने जाएंगे” जैसे नारे लगाए।
अध्यापकों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन कराकर नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
इस मौके पर ग्राम प्रधान सविता यादव, सहायक अध्यापक नीलम गौड़, कोमल गुप्ता, राममोहन यादव, शेषमणि, शिक्षामित्र रागिनी, संजू, मंजू, रीना देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती सीमा देवी व सहायिका सिंधोरा देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


