पडरी (मीरजापुर)।
स्कूल चलो अभियान के तहत पहाडी ब्लॉक के भवरख स्थित प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने जागरूकता रैली निकालकर शिक्षा का संदेश दिया। रैली का नेतृत्व शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजनाथ तिवारी ने किया।
रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर पूरे गांव में भ्रमण करते हुए पुनः स्कूल पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान बच्चों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर “मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल चलकर हमारा नाम लिखाओ” और “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल पढ़ने जाएंगे” जैसे नारे लगाए।
अध्यापकों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन कराकर नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इस मौके पर ग्राम प्रधान सुनील कुमार सिंह, सहायक अध्यापक खुशाल सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


