0 घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल तथा आलाकत्ल सहित 2 तमंचा, 2 जिन्दा व 03 खोखा कारतूस 12 बोर भी बरामद
मीरजापुर।
शनिवार, 11 अप्रैल 2026 को प्रातः थाना कोतवाली कटरा क्षेत्रांतर्गत सद्भावना नगर कालोनी में वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव उर्फ रिंकू सिंह उम्र करीब 40 वर्ष निवासी देवरी विरोही थाना विंध्याचल जनपद मीरजापुर (प्रधान पति-ग्राम देवरी) की गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी। इस सम्बन्ध में थाना कोतवाली कटरा पर तत्काल सुसंगत धाराओं में 2 आरोपियों के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत कर विवेचनात्मक कार्यवाही पुविस द्वारा प्रारम्भ की गयी। एसपी अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन मे नामजद अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु पांच टीमों का गठन किया गया था। थाना कोतवाली कटरा पुलिस द्वारा राबर्टसगंज तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग की जा रही थी कि एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा, तो पुलिस पार्टी द्वारा भी पीछा किया गया, जो पीएसी गेट के आगे रोड़ पर पुलिस पार्टी पर जान मारने की नियत से फायर करने लगा। पुलिस पार्टी द्वारा भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की गयी,जिसमें उस व्यक्ति के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस पार्टी द्वारा घायल व्यक्ति का नामपता पूछा गया, तो उसने अपना नाम राजेन्द्र सोनकर पुत्र स्व0 शोभा सोनकर निवासी देवरी विरोही थाना विन्ध्याचल जनपद मीरजापुर बताया, जो थाना कोतवाली कटरा पर पंजीकृत मु0अ0सं0- 97/2026 धारा 103(1), 352, 351(3), 3(5) बीएनएस व 7 सीएलए एक्ट का वांछित अभियुक्त है। अभियुक्त के पास से घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल तथा आलाकत्ल सहित 2 तमंचा, 2 जिन्दा व 03 खोखा कारतूस 12 बोर भी बरामद हुआ है। घायल अभियुक्त राजेन्द्र सोनकर को इलाज हेतु जिला चिकित्सालय मीरजापुर भेजा गया। अभियुक्त के विरूद्ध कुल 6 अभियोग पूर्व में पंजीकृत है तथा उपरोक्त अभियोग में उसकी गिरफ्तारी हेतु 50 हजार रूपये के पुरस्कार भी घोषित है।





