0 सड़क पर बिखरे हजारों नारियल, पुलिस व ग्रामीणों की मदद से बहाल हुआ आवागमन
पड़री (मीरजापुर)। मीरजापुर-वाराणसी फोरलेन हाइवे पर सोमवार को चालक को झपकी आने से एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नारियल से लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर हजारों नारियल बिखर गए, जिससे कुछ समय तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार ट्रेलर बेंगलुरु से वाराणसी की ओर नारियल पानी लेकर जा रहा था। पड़री थाना क्षेत्र के डगमगपुर के पास पहुंचते ही चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे वाहन नियंत्रण खो बैठा और डिवाइडर पार कर पलट गया। राहत की बात रही कि चालक को गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेलर में फंसे चालक को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पड़री थाना प्रभारी प्रदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिस व ग्रामीणों के सहयोग से सड़क पर बिखरे नारियलों को हटवाया गया, जिसके बाद कुछ देर में आवागमन सामान्य हो सका।





