मालगाड़ी की चपेट मे आने से युवक की मौत
चुनार, मीरजापुर। चुनार जंक्शन के पश्चिमी छोर के अप लाइन पर बृहस्पतिवार की सुबह मालगाड़ी की जद में आने से यात्रा कर रहे युवक की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुबह लगभग सात बजे बंगलौर दानापुर सुपर फॉस्ट ट्रेन पश्चिमी रेलवे फाटक के कुछ दूर पहले रुकी हुई थी।
इस दौरान ट्रेन में यात्रा कर रहा युवक मनीष कुमार (25) पुत्र हरीश कुमार निवासी ग्राम जलालपुर थाना सिधौलिया जिला गोपालगंज बिहार ट्रेन से उतर कर अप लाइन के ट्रैक पर टहलने लगा और वह मालगाड़ी कि चपेट में आ गया।
घटना में उसकी मौत हो गई। उसके साथ में सफर कर रहे चचेरे भाई अखिलेश ने बताया कि बंगलौर से घर जाने के लिए ट्रेन के स्लीपर बोगी के एस – 6 के सीट नंबर 25, 26 पर बैठे हुएथे ट्रेन रूकने पर भाई नीचे उतरकर अप लाइन ट्रैक पर चला गया और तेज गति से आ रही मालगाड़ी की जद में आ गया जिससे उनकी मौत हो गई।
मृतक दो भाई में छोटा व अविवाहित था बड़ा भाई मंजीत बेंगलूर में रहकर काम करता है। मृतक के पिता मजदूरी करते हैं। कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


