News

केबीपीजी कॉलेज में सम सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए सघन चेकिंग अभियान, प्राचार्य ने स्वयं संभाली कमान
मीरजापुर।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी द्वारा संचालित स्नातक एवं स्नातकोत्तर सम सेमेस्टर परीक्षाओं को सुचारु, पारदर्शी और नकलमुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को के.बी. पीजी कॉलेज, मिर्जापुर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने आंतरिक सचल दल के साथ स्वयं परीक्षा कक्षों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
 
निरीक्षण के दौरान प्राचार्य ने परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली और कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लाना पूर्णतः वर्जित है।
 
प्राचार्य ने चेतावनी दी कि यदि कोई छात्र प्रतिबंधित उपकरणों के साथ पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध विश्वविद्यालय के नियमों के तहत कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता, पवित्रता और निष्पक्षता बनाए रखना कॉलेज प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
 
सोमवार को आयोजित परीक्षाओं के आंकड़ों की जानकारी देते हुए प्राचार्य ने बताया कि प्रथम पाली में स्नातक छठे सेमेस्टर (अर्थशास्त्र) की परीक्षा में कुल 93 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 91 उपस्थित और 2 अनुपस्थित रहे। वहीं, सायंकालीन पाली में बीएड के 130 और बी.कॉम चतुर्थ सेमेस्टर के सभी 190 पंजीकृत परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!