News

व्यापारी संवाद कार्यक्रम का किया आयोजन; जीएसटी मे पंजीकरण , जीएसटी 2.0 सुधार , जीएसटी कंप्लायंस व संबंधित समस्याओं पर विचार-विमर्श

विमलेश अग्रहरि, मीरजापुर।

 आयुक्त राज्य कर उत्तर प्रदेश द्वारा दिए गये निर्देशों के क्रम में संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक), मीरजापुर दिनेश कुमार दुबे की अध्यक्षता में उपायुक्त राज्य कर, खण्ड-1 अन्जेश बरनवाल और उपायुक्त खण्ड-2 दुर्गेश यादव द्वारा अपने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बाजीराव कटरा स्थित होटल कृष्णा पैलेस के हॉल में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खण्ड-1 और खण्ड-2 के सम्मानित व्यापारियों/करदाताओं व व्यापार बन्धु पदाधिकारियों द्वारा सहभागिता की गई।
सभा को सम्बोधित करते हुए उपायुक्त अन्जेश बरनवाल और दुर्गेश यादव ने बताया कि आज के संवाद का उद्देश्य राजस्व संग्रह की वृद्धि, अधिकाधिक व्यापारियों का जीएसटी मे पंजीकरण , जीएसटी 2.0 सुधार , जीएसटी कंप्लायंस व संबंधित समस्याओं पर विचार-विमर्श करते हुए व्यापारीगण के सुझावों को प्राप्त करना और उनका समाधान उपलब्ध कराना है। उपस्थित व्यापारियों और अधिवक्ताओं द्वारा जीएसटी रिटर्न, इनपुट टैक्स क्रेडिट (आई0टी0सी0), ई-वे बिल, पंजीकरण एवं अन्य कर संबंधी विषयों पर अपने प्रश्न एवं समस्याएँ प्रस्तुत की गईं। संयुक्त आयुक्त श्री दिनेश कुमार दुबे द्वारा इन जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा कर-अनुपालन को सरल एवं सुगम बनाने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। व्यापारियों से प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं का संज्ञान लेते हुए श्री दुबे द्वारा उनके उचित निराकरण हेतु आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में दिनेश कुमार दुबे (संयुक्त आयुक्त), अन्जेश बरनवाल और दुर्गेश यादव (उपायुक्त), ओम प्रकाश शुक्ला और विनोद कुमार (सहायक आयुक्त) के अतिरिक्त व्यापारी प्रतिनिधि शत्रुघ्न केसरी, मोहन दास अग्रवाल, आशीष बुधिया, उमा बरनवाल तथा अधिवक्ता प्रतिनिधि कुलदीप खंडेलवाल, मनोज मैनी, मनोज अग्रवाल, अमित श्रीवास्तव आदि अनेक व्यापारी व अधिवक्तागण उपस्थित रहें। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ तथा विभाग एवं व्यापारियों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने में उपयोगी सिद्ध हुआ।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!