News

माँ विन्ध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में टीबी उन्मूलन पर आयोजित हुआ विशेष व्याख्यान

मीरजापुर। माँ विन्ध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (MVASMC) मिर्जापुर में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के अंतर्गत “टीबी उन्मूलन : चुनौतियाँ एवं समाधान” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रो. सूर्यकांत रहे, जो धन्वंतरी सेवा न्यास के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, श्वसन रोग विभाग, किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU), लखनऊ, चेयरमैन, नॉर्थ ज़ोन टास्क फोर्स फॉर टीबी एलिमिनेशन तथा NATCON 2026 के अध्यक्ष हैं।

अपने व्याख्यान में प्रो. सूर्यकांत ने भारत को टीबी मुक्त बनाने के राष्ट्रीय संकल्प, समय पर रोग की पहचान, आधुनिक जांच तकनीकों, उपचार में नियमित दवा सेवन, संक्रमण नियंत्रण, पोषण सहायता तथा जन-जागरूकता की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग का दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही इस लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने चिकित्सकों एवं चिकित्सा विद्यार्थियों से वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाते हुए टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. सचिन किशोर, डॉ. पंकज पाण्डेय, विभागाध्यक्ष, श्वसन रोग विभाग, डॉ. राकेश सिंह, वरिष्ठ परामर्शदाता, डॉ. क्षितिज, प्रो. विश्वजीत दास, प्रो. विपिन कुमार सहित महाविद्यालय के अनेक संकाय सदस्य, विशेषज्ञ चिकित्सक, रेजिडेंट डॉक्टर एवं एमबीबीएस छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित चिकित्सकों एवं विद्यार्थियों ने टीबी उन्मूलन से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा प्रो. सूर्यकांत के प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान की सराहना की। महाविद्यालय प्रशासन ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन अभियान को और अधिक गति प्रदान करेंगे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!