News

खजूर की बागवानी से खुलेंगे किसानों की आर्थिक समृद्धि के द्वार; एक हेक्टेयर पर योगी सरकार दे रही 1.40 लाख रुपये का अनुदान

0 मीरजापुर के 36 किसान हुए लाभान्वित

विमलेश अग्रहरि, मीरजापुर। प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और पारंपरिक खेती के साथ-साथ बागवानी को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में एकीकृत बागवानी मिशन के तहत मीरजापुर जनपद में किसानों को खजूर की बागवानी के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से किसानों को खजूर के बाग लगाने के लिए प्रति हेक्टेयर 1 लाख 40 हजार रुपये का अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे किसानों की लागत कम होने के साथ उनकी आय बढ़ाने का मार्ग भी प्रशस्त हो रहा है।

जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम ने बताया कि एकीकृत बागवानी मिशन के अंतर्गत मीरजापुर के अब तक 36 किसान खजूर की बागवानी योजना का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। सरकार द्वारा दिए जा रहे अनुदान और तकनीकी मार्गदर्शन के कारण किसानों का रुझान खजूर की खेती की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि खजूर एक दीर्घकालिक एवं लाभकारी फलदार फसल है, जिसकी बाजार में पूरे वर्ष अच्छी मांग बनी रहती है। इससे किसानों को लंबे समय तक स्थायी आय प्राप्त करने का अवसर मिलता है।

 

बागवानी से जोड़कर किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना है सरकार का लक्ष्य

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि उद्यान विभाग किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले पौधों के चयन, बाग लगाने की वैज्ञानिक विधि, सिंचाई प्रबंधन, पौध संरक्षण तथा फसल के रखरखाव संबंधी तकनीकी जानकारी भी उपलब्ध करा रहा है। इससे किसानों को बेहतर उत्पादन प्राप्त करने में सहायता मिल रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना है। खजूर की बागवानी जैसी लाभकारी योजनाएं किसानों की आय में वृद्धि के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उम्मीद है कि आने वाले समय में अधिक से अधिक किसान इस योजना से जुड़कर अपनी आय बढ़ाने के साथ जिले में बागवानी का रकबा भी बढ़ाएंगे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!