आंगनबाड़ी के द्वारा आयोजित गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कार्यक्रम में वितरण किया पोषण पोटली-नवनिहालों को खीर खिलाकर कराया अन्न प्राशन
महिलाएं स्वयं को कमजोर न समझें प्रदेश सरकार व राज्य महिला आयोग आपके साथ – नीलम प्रभात
महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा व स्वावलम्बन के लिए चलाई जा रही योजनाओं की दी गई जानकारी
कस्तूरबा गांधी विद्यालय कोन का किया निरीक्षण-वार्डेन के गायब रहने पर स्पष्टीकरण
मीरजापुर। सदस्य राज्य महिला आयोग उ0प्र0 श्रीमती नीलम प्रभात ने आज जनपद भ्रमण के दौरान विकास खण्ड कोन के सभागार में चौपाल आयोजित कर उनकी समस्याओं को सुना तथा सम्बन्धित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। चौपाल में उपस्थित महिलाओं के द्वारा अपनी पीड़ा/घरेलू विवाद मा0 सदस्य नीलम प्रभात को खुलकर बताया। एक-एक महिला की समस्या को गम्भीरता से सुनकर मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। चौपाल कार्यक्रम में ही बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई व नवनिहालों को अन्न प्राशन कार्यक्रम भी सम्पन्न कराया गया, जिसमें सदस्य राज्य महिला आयोग द्वारा नव निहाल बच्चों को खीर खिलाकर तथा गर्भवती माताओं को पोषण पोटली देकर शुभकामनाएं दीं तथा पौष्टिक आहार के सेवन के लिए कहा गया।
अन्न प्राशन के पश्चात केक काटकर नवनिहाल बच्चों का जन्म दिवस मनाया गया तथा उन्हें गिफ्ट भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग के सदस्य ने महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा व स्वावलम्बन हेतु संचालित योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं को अब किसी प्रकार से डरने की आवश्यकता नहीं है, वे अपने आप को अकेली न महसूस करें। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार एवं राज्य महिला आयोग महिलाओं की लड़ाई में आपके साथ खड़ी है, किसी महिला के साथ किसी के द्वारा किए गए अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उपस्थित महिलाओं को वूमेन पावर लाइन नम्बर-1090 एवं हेल्पलाइन-181 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि गर्भावस्था से लेकर दो वर्ष तक के बच्चों का जीवन का सुनहरा समय होता है अतएव इस दौरान अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कन्या सुमंगला योजना, सुकन्या योजना, मातृ शक्ति सहित अन्य योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
तत्पश्चात सदस्य राज्य महिला आयोग श्रीमती नीलम प्रभात ने विकास खण्ड कोन के अन्तर्गत स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय में पहुंचकर आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित वार्डेन के विरुद्ध कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टीकरण की मांग की। निरीक्षण के दौरान बिस्तरों की साफ सफाई, शौचालय, पेयजल, शयन कक्ष, रसोई आदि का भी निरीक्षण किया गया।
विद्यालय परिसर में पानी भरा रहने, बड़े-बड़े घास उगने को देखकर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए मौके पर उपस्थित खण्ड विकास अधिकारी कोन को निर्देशित किया कि स्वयं भी समय-समय पर विद्यालय का निरीक्षण करें तथा साफ सफाई व्यवस्था को तत्काल सुनिश्चित कराएं। निरीक्षण के समय खण्ड विकास अधिकारी कोन, बाल विकास परियोजना अधिकारी कोन, महिला थानाध्यक्ष, महिला कल्याण अधिकारी मंजू यादव, कोआर्डिनेटर पूजा मौर्या सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।





